माधवराव सिंधिया की 25वीं पुण्यतिथि पर 30 सितंबर को होंगे विविध आयोजन
ग्वालियर। कै. महाराज श्रीमंत माधवराव सिंधिया की 25वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 30 सितंबर को शहर में श्रद्धांजलि एवं विभिन्न सेवा कार्यों के आयोजन किए जाएंगे। कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल एवं बालखाण्डे ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के तहत सुबह 8 बजे नदी गेट स्थित प्रतिमा पर तथा सुबह 9 बजे अम्मा महाराज की छत्री पर श्रीमंत माधवराव सिंधिया की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
सायं 4:30 बजे अम्मा महाराज की छत्री स्थित गोपाल मंदिर में प्रसिद्ध गायक राजेश जैन, शिन्नी कालविन्ट एवं साथी कलाकार भजन संध्या के माध्यम से स्वरांजलि अर्पित करेंगे। इस अवसर पर संतकृपाल सिंह महाराज, शहरकाजी अब्दुल अजीज कादरी, क्रिश्चियन समाज से संजय भोसले, सिख समाज से सरदार बलबीर सिंह एवं ढोली बुआ महाराज बालकृष्ण महाराज को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।
पुण्यतिथि के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर सेवा कार्य भी किए जाएंगे। सुरेश पहलवान द्वारा 1000 बिस्तर अस्पताल में भोजन, पार्षद नवीन यामिनी परांडे द्वारा महाराज बाड़े पर भोजन, सुरेन्द्र परमार चच्चू द्वारा मुरार 7 नंबर चौराहे पर फल वितरण और दिनेश शर्मा द्वारा दीनदयाल नगर में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। एमआईटीएस में पुष्पांजलि एवं रक्तदान शिविर भी होगा।
- पुरुषोत्तम भार्गव एवं सुरेंद्र शर्मा सरपंच द्वारा माधव अंध आश्रम में भोजन कराया जाएगा। पार्षद अनिल सांखला द्वारा 1000 बिस्तर अस्पताल को 20 एयर कूलर तथा शिक्षण संस्थाओं को 2 वाटर कूलर दिए जाएंगे। पार्षद मोहित जाट द्वारा माधव पुस्तकालय को वाटर कूलर प्रदान किया जाएगा। अमर कुटे द्वारा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में निःशुल्क भोजन, शिल्पा हिमांशु खत्री द्वारा स्वर्ग सदन आश्रम में मेडिकल कैंप तथा गुड्डू वारसी एवं अन्य द्वारा गौ सेवा का कार्य किया जाएगा।