साडा की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, आगामी योजनाओं पर बनी कार्ययोजना
ग्वालियर। साडा की बैठक मंगलवार को अध्यक्ष अशोक शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत साडा परिसर में भगवान गणेश की प्रतिमा विराजित कर पूजन-अर्चन के साथ हुई। अध्यक्ष अशोक शर्मा ने गणेश प्रतिमा विराजित की, जिसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद बैठक की कार्यवाही शुरू हुई।
बैठक में पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों और दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की स्थिति का फीडबैक लेते हुए यह जानकारी ली कि निर्देशों के अनुरूप कितना काम पूरा हुआ है और कौन से कार्य अभी लंबित हैं। पिछली बैठक में चर्चा में रही सौजना योजना के तहत अब तक हुए कार्यों की भी जानकारी ली गई। इसके साथ ही आगामी टेंडर प्रक्रिया, विकास कार्यों और बरा योजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में साडा क्षेत्र में प्रस्तावित आगामी विकास कार्यों को गति देने तथा विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। योजनाओं की प्रगति, आगामी कार्यों की रूपरेखा और लंबित कार्यों को आगे बढ़ाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर अधिकारियों के साथ चर्चा हुई।
बैठक के दौरान जनसुनवाई भी आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें साडा अध्यक्ष के समक्ष रखीं। अध्यक्ष अशोक शर्मा और मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनीशा श्रीवास्तव ने लोगों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित मामलों के निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनीशा श्रीवास्तव, एओ शिल्पा शर्मा, नवल राजपूत सहित साडा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।