Home > राज्यो से ,प्रमुख खबरे,slider news,
तमिलनाडु के किसानों ने समाप्‍त की हड़ताल, 25 मई के बाद दोबारा करेंगे प्रदर्शन

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर मंतर पर अपनी मांगों को मनवाने के लिए तमिलनाडु से आए किसानों ने मुख्यमंत्री ई. पलानीसामी से मिले आश्वासन के बाद रविवार को हड़ताल वापसी का एलान किया।

हालांकि, किसानों ने इस बात की चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य सरकार अगर उनकी मागों को पूरा नहीं करेगी तो 25 मई के बाद वह फिर से प्रदर्शन करेंगे।

अय्यकानु नाम के एक किसान ने कहा कि अगर उन्हें आज ही ट्रेन का टिकट मिल जाता है तो वह यहां से वापस अपने यहां चले जाएंगे। इन किसानों की मांग है कि सरकार सूखा राहत फंड दे और किसानों के ऋण माफ करे।

उधर, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पलानीसामी ने नीति आयोग की गर्वनिंग काउंसिल की बैठक के बाद कहा कि उन्होंने किसानों के मुद्दे पर मीटिंग में बात की है और उनकी मांगों को प्रधानमंत्री के पास भेज दिया है।

उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री से कहा है कि वह अपने श्रीलंका के दौरे में मछुआरे और उनकी नावों का मुद्दा उठाएं।”

गौरतलब है कि अपनी मांगों को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने शनिवार को मूत्र पिया और उसके बाद सरकार को धमकी दी थी कि अगर उनकी बातें अब नहीं सुनी गई तो वह अब मल खाएंगे।

Share This News :