Homeअपना शहर ,प्रमुख खबरे,slider news,
सपना चौधरी नाइट में हंगामा, बोतल, पत्थर फिंके, सपना मंच छोडक़र भागी

ग्वालियर। हरियाणा की नृत्य कलाकार सपना चौधरी के प्रोग्राम में आज देर सायं जमकर हंगामा हो गया। सपना चौधरी के अर्धअश्लील डांस पर शरारती तत्वों ने उनको बोतल फेंककर मार दी, वहीं पत्थर भी फेंके। सपना चौधरी को बमुश्किल निजी सुरक्षा गार्डों व पुलिस ने कार्यक्रम स्थल से परे किया। इसके बाद सपना चौधरी का नृत्य कार्यक्रम बंद कर दिया गया और हुड़दंग मचा रहे दर्शकों को पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर तितर-बितर किया।
जानकारी के मुताबिक आज सायं बिरलानगर क्षेत्र के वृंदावन गार्डन में हरियाणा की नृत्य कलाकार सपना चौधरी और उनके साथी कलाकारों की नाइट आयोजित की गई थी। चूंकि सपना चौधरी अपने नृत्यकों को लेकर इन दिनों देशभर में चर्चित कलाकार है। इसी कारण उनके कार्यक्रमों में भारी भीड़ जुटती है। 
कार्यक्रम आयोजकों आयोजन के मामले में नौसिखिये थे, इसी कारण उन्होंने सपना चौधरी की नाइट के लिये व्यापक व्यवस्था नहीं की और भारी कमाई के लालच में ज्यादा टिकट भी बांट दिये। इससे वृंदावन गार्डन में जरूरत से ज्यादा भीड़ पहुंच गई और अव्यवस्था शुरू हो गई। 
सपना के फैन युवाओं ने भीड़ के कारण आ रहे व्यवधान के कारण जब आपत्ति की तो कुछ शरारती तत्वों ने सपना चौधरी के डांस के दौरान पानी की बोतलें फेंक दी। इससे वहां अफरा तफरी मच गई और कुछ शरारती तत्वों ने पथराव शुरू कर दिया। कुछ ने कुर्सियां फेंक दी और टेंट फाड़ दिये। इससे मची भगदड़ से आयोजकों की सांस फूल गई और सपना चौधरी को बड़ी मुश्किल से बाउंसर और पुलिसकर्मियों ने बचाया। इसके बाद सपना चौधरी की नाइट स्थगित कर दी गई और समाचार लिये जाने तक दर्शकों का हुड़दंग जारी था। पुलिस ने वृंदावन गार्डन में जुटे हजारों सपना चौधरी के फैंस को भगाने के लिये हल्का बल प्रयोग भी किया। इस हुड़दंग के बाद आयोजक गायब हो गये हैं और दर्शक अपना पैसा वापस मांग रहे हैं। यह पैसा टिकट राशि के रूप में लगभग लाखों में है। पुलिस अब इस मामले में आयोजकों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कर रही है। कुछ दर्शकों ने पुलिस को आयोजकों द्वारा धोखाधड़ी करने की शिकायत भी की है।

Share This News :