Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
सिंधिया के गढ़ में BJP सांसद प्रभात झा को आए चक्कर, टॉफी खाने के बाद लौटी 'चेतना'

भोपाल/गुना। 'मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बेटियों के मामा हैं। उन्होंने कई योजनाएं संचालित की हैं। राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा पोलिंग बूथ कार्यकर्ता के सम्मेलन में सिर्फ इतना ही बोले थे कि उनकी शुगर डाउन हो गई। चक्कर खाकर वह कुर्सी पर बैठ गए। उनकी इस हालत को देख पास में बैठे पूर्व राज्यमंत्री केएल अग्रवाल घबरा गए और उन्हें तुरंत संभाला। हालांकि उनके पीए को पता था कि झा शुगर के मरीज हैं, इसलिए उसने तुरंत एक टॉफी उन्हें खाने को दी। इससे उनकी हालत में सुधार हो गया। यह है पूरा मामला...

-बुधवार दोपहर 1.15 बजे के लगभग राज्य सभा सदस्य प्रभात झा पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ माने जाने वाले गुना जिले के हरिपुर गांव में कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे थे। वह बोलने के लिए जैसे ही खड़े हुए और कहा कि 'मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बेटियों के मामा हैं, उन्होंने कई योजनाएं चलाई हैं। इसका लाभ लोगों को मिल रहा है।' बस, इसके बाद उनक हालत बिगड़ी। वह कुर्सी पर बैठ गए। सिर टेबल पर रख लिया।
-यह देखकर कार्यकर्ता घबरा गए। वह दौड़े-दौड़े उनके पास पहुंचे। पास में ही पूर्व राज्यमंत्री केएल अग्रवाल बैठे थे। उन्होंने तुरंत उन्हें संभाला। लेकिन झा के साथ पीए ने एक टॉफी खाने को दी। 5 मिनट बाद वह सामान्य हो गए। इसके बाद वह फिर से भाषण देने लगे। बोले कांग्रेस के गढ़ से शुरुआत कर दी है। इसके बाद उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
बिजली चली गई, हाथ के पंखे से की हवा
राज्य सभा सदस्य की तबीयत बिगड़ी, उसी दौरान बिजली भी चली गई। कार्यकर्ताओं ने हाथ से पंखे से उन्हें हवा की। कुछ लोग पानी लेकर उनके पास आए। हालांकि इसके कुछ देर बाद ही बिजली आ गई।
एसडीओपी, 4 इंस्पेक्टर और 6 सब इंस्पेक्टर सहित भारी बल सुरक्षा के बीच पहुंचे
गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र में लगातार सक्रिय सांसद झा को ज्योतिरादित्य के खिलाफ बोलने पर धमकी मिली हैं। इसके बाद से ही उनकी सुरक्षा कड़ी कर दी गई। हरिपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी, 4 इंस्पेक्टर, 6 सब इंस्पेक्टर सहित 20 जवान सुरक्षा में लगे थे।
धमकी से नहीं डरता मैं
प्रभात झा ने कहा कि मैं धमकी से नहीं डरता हूं। अगर जनता के लिए मेरी जान भी चली जाए, तो इसकी कोई चिंता नहीं है। कांग्रेस के गढ़ से हरिपुर से मैने कांग्रेस के सफाया करने की शुरुआत कर दी है।
अशोकनगर में बोले झा
-भाजपा विस्तार कार्यक्रम के तहत अशोकनगर पहुंचे प्रभात झा ने मीडिया से कहा कि पत्रकारिता के दौरान माधो सिंह, मोहर सिंह सहित कई डाकुओं का साक्षात्कार लिया, लेकिन उनसे भी नहीं डरा। वे ऐसी धमकियों से नहीं डरते। राज्यसभा सांसद ने सिंधिया को चुनौती देते हुए कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा उनके विरुद्ध ऐसा प्रत्याशी उतरेगी, जो उन्हें टक्कर ही नहीं देगा बल्कि पूरी तरह से टकराएगा भी।
-उन्होंने कहा कि इस बार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के राडार पर तीन लोकसभा क्षेत्र हैं, उनमें गुना संसदीय क्षेत्र भी है। सिंधिया द्वारा उन्हें अखबार बांटने वाला बताने के जवाब में उन्होंने कहा कि अब देश में किसी राजा-महाराजा का युग नहीं है। अब प्रजातंत्र में एक चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री और अखबार बेचने वाला राज्यसभा में सांसद बनता है। झा के अनुसार जिले की पर्यटन नगरी चंदेरी को देश की सर्वश्रेष्ठ पर्यटन नगरी बनाने के लिए सरकार ने काम शुरू कर दिए हैं। चंदेरी के जौहर स्मारक को भी सर्वश्रेष्ठ स्मारक बनाने के लिए कार्य प्रारंभ किया जाने वाला है।

Share This News :