मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन इन्वेस्टर मीट का शुभारंभ, 3,600 करोड़ के निवेश से 15 हजार रोजगार के अवसर होंगे सृजित
भोपाल (विनय शर्मा) : मध्यप्रदेश को टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में 19 नवंबर को भोपाल में महत्वपूर्ण आयोजन होने जा रहा है। होटल ताज लेकफ्रंट में आयोजित होने वाली टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (टीएमजेड) की इन्वेस्टर मीट का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 25 कंपनियों को निवेश के लिए आशय पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) प्रदान करेंगे। इन कंपनियों की ओर से 3,600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं। इनसे प्रदेश में 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। इस अवसर पर ग्वालियर में लगभग 450 एकड़ क्षेत्र में टीएमजेड के दूसरे चरण की शुरुआत भी प्रस्तावित है।
25 प्रमुख कंपनियां निवेश के लिए आगे आईं
टीएमजेड में निवेश की इच्छुक कंपनियों में वीवीडीएन टेक्नोलॉजीज, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, तेजस नेटवर्क्स, समृद्धि ऑटोमेशंस, ब्रांडवर्क्स टेक्नोलॉजीज, सिरमा एसजीएस टेक्नोलॉजी, ऑप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स, इंटेलिकॉम कम्युनिकेशन, एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स, टेस्कॉम, नियोलिंक सॉल्यूशंस, ब्रुकविन वाइब्रे, प्रणव टेकवन, जेटकेम सप्लाई चेन सर्विसेज सहित कुल 25 कंपनियां शामिल हैं।
इन्वेस्टर मीट में दूरसंचार, इलेक्ट्रॉनिक्स, नेटवर्किंग और विनिर्माण क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों तथा औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इससे इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स, नेटवर्किंग उपकरणों और सहायक उद्योगों में भी निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी।
ग्वालियर में विकसित हो रहा आधुनिक औद्योगिक इकोसिस्टम
ग्वालियर में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन को एकीकृत औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके पहले चरण में ग्वालियर आईटी पार्क और साडा क्षेत्र में लगभग 170 एकड़ भूमि पर प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। परियोजना के लिए केंद्र सरकार से 493 करोड़ रुपये की सहायता मिली है, जबकि परीक्षण और प्रमाणन सुविधाओं के विकास के लिए करीब 300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
निवेशकों को मिलेंगी विशेष सुविधाएं
प्रदेश सरकार टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योगों को आकर्षित करने के लिए कई प्रोत्साहन दे रही है। इसके तहत एक रुपये के प्रीमियम पर भूमि उपलब्ध कराने, 50 प्रतिशत तक पूंजीगत अनुदान, स्टाम्प ड्यूटी की शत-प्रतिशत प्रतिपूर्ति और शुरुआती पांच वर्षों तक बिजली दर में दो रुपये प्रति यूनिट की छूट देने का प्रावधान है।
टीएमजेड के विस्तार से मध्यप्रदेश में उच्च तकनीक आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ बड़े औद्योगिक निवेश का मार्ग प्रशस्त होगा। ग्वालियर को राष्ट्रीय टेलीकॉम एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में नई पहचान मिलने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।