Homeवायरल न्यूज़,
भारत लाई गई सबसे वजनी महिला, क्रेन के सहारे प्लेन से उतारा गया

दुनिया की सबसे मोटी महिला मानी जा रही इमान अहमद बैरिएट्रिक सर्जरी के लिए शनिवार सुबह काहिरा से मुंबई लाई गईं। उन्हें क्रेन के सहारे प्लेन से उतारा गया और एक खास ट्रक से मुंबई के सैफी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। फिलहाल उन्हें एक खुले स्थान पर रखा गया है। जहां से उन्हें खासतौर पर उनके लिए बनाए गए रूम में शिफ्ट किया जाएगा। बता दें कि इमान का वजन 500 किलोग्राम है। हाथ-पैर में हुआ पैरालिसिस...

  • दाहिने पैर और दाहिने हाथ में पैरालिसिस की वजह से इमान का चलना-फिरना मुश्किल है। उन्हें उनके घर से बिस्तर समेत लाया गया है।
    - मुंबई के डॉक्टर मफी लकड़ावाला और उनकी टीम 36 साल की इस महिला की सर्जरी के बाद तीन महीने तक इलाज करेगी।
    - डॉक्टर लकड़ावाला ने बताया कि, "इन्हें एक खास ट्रक में एयरपोर्ट से हॉस्पिटल लाया गया। यहां उनका ब्लड टेस्ट किया गया है।"
    - "उनके लिए हॉस्पिटल में खास रूम बनाया गया है। ऐसे मरीजों को शिफ्ट करने में काफी रिस्क होता है, इसलिए हमारी टीम काफी एहतियात बरत रही है।"

    डॉक्टर ने सुषमा से मांगी थी मदद
    - इमान को भारत लाने के लिए पहले कोई एयरलाइंस तैयार नहीं थी। फिर वीजा मिलने में भी दिक्कत आई।
    - डाॅ. लकड़ावाला ने फॉरेन मिनिस्टर सुषमा स्वराज को ट्वीट कर बताया था, "मैम, 500 Kg की इमान अहमद ने अपनी जान बचाने के लिए मुझसे मदद मांगी है। उसे नॉर्मल प्रॉसेस के तहत वीजा नहीं मिल पाया। प्लीज उसे मेडिकल वीजा दिलवाने में मदद करें।"
    - इस पर सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर कहा था, "इस गंभीर मामले को मेरे सामने लाने के लिए शुक्रिया (डॉक्टर), हम निश्चित तौर पर उनकी मदद करेंगे।"

    डॉक्टर्स ने कहा- मोटापा नहीं, बीमारी है
    - कुछ डॉक्टरों ने इमान को एलिफेंटाइसिस का मरीज बताया है, इसमें पैरों में काफी सूजन आ जाती है, यह एक पैरासाइट से होता है।
    - डॉक्टर्स का यह भी कहना है कि इमान की बॉडी में जरूरत से ज्यादा पानी जमा हो गया है, जिससे उनका वजन बढ़ रहा है।
    - मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मिस्र के डॉक्टर्स उनका इलाज नहीं कर पा रहे हैं। फैमिली ने अपने प्रेसिडेंट को ऑनलाइन पिटीशन भेजकर भी मदद मांगी थी।
    - आखिर में इमान की फैमिली मदद के लिए भारत के डॉक्टर लकड़ावाला तक पहुंच गईं।

    कौन हैं इमान?
    - बता दें कि 36 साल की इमान अहमद अब्दुलाती मिस्र के ऐलेग्जैंड्रिया में रहती हैं। भारी-भरकम शरीर की वजह से 25 साल से घर से नहीं निकल सकी हैं।
    - वे बिस्तर पर हिल भी नहीं पाती हैं। जन्म के वक्त इमान का वजन पांच किलो था। वो कभी स्कूल नहीं गईं।
    - पहले उन्हें एलिफेंटाइसिस की शिकायत थी, लेकिन 11 साल की उम्र में उन्हें सेरेब्रल अटैक आया, जिससे उनकी हालत इतनी खराब हो गई वे एक कमरे में कैद होकर रह गईं।

source

Share This News :