ग्वालियर में महिला सशक्तिकरण की नई पहचान बनीं ‘शक्ति दीदी’, 136 महिलाएं संभाल रहीं पेट्रोल पंपों की जिम्मेदारी
ग्वालियर (विनय शर्मा) : ग्वालियर जिले में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शुरू किया गया ‘शक्ति दीदी’ नवाचार लगातार सफलता की नई मिसाल पेश कर रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर दिया जा रहा है। इस पहल के तहत शनिवार को चार और महिलाओं को फ्यूल डिलीवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही जिले में शक्ति दीदी के रूप में कार्यरत महिलाओं की संख्या बढ़कर 136 हो गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कलेक्टर रुचिका चौहान की पहल पर शुरू किए गए इस नवाचार का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और समाज में सम्मानजनक पहचान दिलाना है। पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलीवरी वर्कर के रूप में काम कर रहीं महिलाएं अपनी आजीविका चलाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी योगदान दे रही हैं।
शनिवार 21 नवंबर को कलेक्टर रुचिका चौहान सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर चार महिलाओं को इस अभियान से जोड़ा। लक्ष्मीगंज स्थित श्री हरिलीला सर्विसेज पेट्रोल पंप पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने बेबी और सुषमा को शक्ति दीदी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी।
वहीं, संयुक्त कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल ने गोले का मंदिर स्थित इन्द्रप्रस्थ फिलिंग स्टेशन पर दीपांजलि तथा संयुक्त कलेक्टर सुरेश कुमार बरहादिया ने चंद्रबदनी नाका स्थित जयभारत पेट्रोलियम पर ममता शाक्य को फ्यूल डिलीवरी वर्कर का दायित्व सौंपा।
शक्ति दीदी नवाचार के माध्यम से महिलाएं न केवल रोजगार हासिल कर रही हैं, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मसम्मान के साथ आत्मनिर्भरता की ओर भी कदम बढ़ा रही हैं। ग्वालियर में यह पहल महिला सशक्तिकरण की एक प्रभावी मिसाल के रूप में उभर रही है।