Home > अपना शहर,प्रमुख खबरे,slider news,
साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा के साथ प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने किया टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन की तैयारियों का निरीक्षण

ग्वालियर (विनय शर्मा) : साडा क्षेत्र में प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रस्तावित आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की गई।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का भूमिपूजन प्रस्तावित है। पहले इसके लिए 29 अक्टूबर की तारीख प्रस्तावित थी, लेकिन अब कार्यक्रम की तारीख में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। संभावना है कि भूमिपूजन समारोह 15 नवंबर को आयोजित हो सकता है। हालांकि, कार्यक्रम की तारीख को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

भूमिपूजन समारोह के स्थल को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होने के संकेत मिल रहे हैं। संभावना है कि कार्यक्रम साडा क्षेत्र में ही आयोजित किया जाएगा। इसी सिलसिले में प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने साडा क्षेत्र के साथ मलगढ़ा थाना क्षेत्र के समीप स्थित मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों से आयोजन की रूपरेखा और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, साडा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनीशा श्रीवास्तव, प्रशासनिक अधिकारी (उपयंत्री) नवल सिंह राजपूत सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This News :