कलेक्टर रुचिका चौहान की आत्मीय पहल, मंगल धाम के वृद्धजनों के चेहरों पर खिली मुस्कान
ग्वालियर। सामाजिक सरोकारों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाते हुए ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा जनसेवा के साथ संवेदनशील पहल की जा रही हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने मंगल धाम के वृद्धजनों के लिए शहर के एक मॉल में हनुमान जी पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के प्रदर्शन की व्यवस्था कराई। यह पहल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनसेवा को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की मंशा के अनुरूप की गई।
फिल्म देखने पहुंचे मंगल धाम के वृद्धजनों में खासा उत्साह नजर आया। सभी ने सामूहिक रूप से फिल्म का आनंद लिया। कलेक्टर श्रीमती चौहान की इस आत्मीय पहल ने वृद्धजनों को मनोरंजन के साथ ही अपनत्व, सम्मान और आत्मीयता का सुखद अनुभव कराया।
इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार कुलदीप दुबे सहित विभागीय अधिकारी भी वृद्धजनों के साथ मौजूद रहे और उनके साथ फिल्म देखकर खुशी के इन पलों में सहभागी बने। इस अवसर पर वृद्धजनों को फल भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने उनसे आत्मीय संवाद करते हुए उनका कुशलक्षेम जाना।
मंगल धाम के वृद्धजनों ने कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा उनके साथ आत्मीयता से समय बिताना उनके लिए विशेष और सुखद अनुभव रहा। वृद्धजनों ने इस संवेदनशील पहल के लिए कलेक्टर एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।