सवा करोड़ के ऐतिहासिक गहनों से सजे राधा-कृष्ण, गोपाल मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
ग्वालियर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर फूलबाग स्थित ऐतिहासिक गोपाल मंदिर में भगवान श्री राधा-कृष्ण का अलौकिक श्रृंगार किया गया। भगवान को करीब सवा करोड़ रुपये मूल्य के सोने, चांदी और रत्नजड़ित ऐतिहासिक आभूषणों से सजाया गया। इस मनोहारी स्वरूप के दर्शन के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और देर रात तक हजारों भक्तों ने भगवान के दर्शन किए।
जन्माष्टमी के अवसर पर सुबह करीब 10 बजे कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच सेंट्रल बैंक के लॉकरों से भगवान के आभूषण बाहर निकाले गए। नगर निगम आयुक्त द्वारा गठित समिति की मौजूदगी में आभूषणों को लॉकर से निकाला गया और मंदिर में उनकी देखरेख के बाद विधि-विधान से भगवान श्री राधा-कृष्ण का श्रृंगार किया गया। श्रृंगार पूर्ण होने के बाद जनप्रतिनिधियों और नगर निगम अधिकारियों ने पूजा-अर्चना की, जिसके पश्चात आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए।
दर्शन के लिए पट खुलते ही गोपाल मंदिर में भक्तों की भीड़ बढ़ती चली गई। श्रद्धालु भगवान श्री राधा-कृष्ण के दिव्य स्वरूप की एक झलक पाने के लिए कतारों में खड़े नजर आए। देर रात तक दर्शनार्थियों की लाइनें लगी रहीं।
इस अवसर पर गोपाल मंदिर को भव्य फूल बंगले और आकर्षक रंगोली से सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मंदिर परिसर को अत्याधुनिक विद्युत सज्जा से भी रोशन किया गया। बड़ी एलईडी स्क्रीन के जरिए मंदिर के अंदर विराजमान भगवान श्री राधा-कृष्ण के लाइव दर्शन श्रद्धालुओं को बाहर से ही कराए गए, जिससे भीड़ को दर्शन करने में सुविधा मिली।
व्यवस्था को सुचारु रखने के साथ ही नगर निगम ने स्वच्छता पर भी विशेष जोर दिया। मंदिर परिसर और आसपास लगातार सफाई कराई गई तथा विभिन्न स्थानों पर डस्टबिन रखवाए गए, ताकि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच गंदगी न फैले।
1921 में बना था गोपाल मंदिर
गोपाल मंदिर का ऐतिहासिक महत्व भी खास है। महाराज माधवराव सिंधिया प्रथम ने वर्ष 1921 में इस मंदिर का निर्माण करवाया था। इसी दौरान भगवान श्री राधा और कृष्ण के लिए सोने, चांदी तथा रत्नजड़ित अमूल्य आभूषण तैयार करवाए गए थे। जन्माष्टमी के अवसर पर इन्हीं ऐतिहासिक आभूषणों से भगवान का श्रृंगार किया जाता है।
मंदिर में तैनात रहा नगर निगम का स्वास्थ्य अमला
जन्माष्टमी के दौरान उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए नगर निगम के स्वास्थ्य अमले को लगातार सफाई व्यवस्था में लगाया गया। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बार-बार सफाई कराई जाती रही, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके और आयोजन के दौरान कहीं भी कचरा जमा न हो।
कार्यक्रम के दौरान महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार, सभापति मनोज तोमर, उपनेता सत्तापक्ष मंगल यादव, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, प्रदीप सिंह तोमर, अपर आयुक्त वित्त अरविंद शर्मा, उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी पार्क मुकेश बंसल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।