Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
द्वारकाधीश मंदिर में सीएम मोहन यादव ने किए दर्शन-पूजन, बोले- धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले में स्थित प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान द्वारकाधीश के विधिवत दर्शन और पूजन किए। इस दौरान उन्होंने भगवान से मध्यप्रदेश के नागरिकों के सुख, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की।

दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने देश में धार्मिक पर्यटन के बढ़ते दायरे का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में धार्मिक स्थलों के विकास और पर्यटन को गति देने का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने उज्जैन के महाकाल लोक का उदाहरण देते हुए कहा कि इसके निर्माण के बाद वहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में करीब 20 गुना बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के विकास ने भी धार्मिक पर्यटन को नई रफ्तार दी है।

धार्मिक स्थलों पर बढ़ेंगी सुविधाएं

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी धार्मिक पर्यटन के विस्तार को लेकर सरकार योजनाबद्ध ढंग से काम कर रही है। प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था, ठहरने की सुविधाएं, सुरक्षा और आवश्यक अधोसंरचना विकसित की जा रही है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक धार्मिक स्थलों के विकास का सीधा लाभ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं के रूप में मिलेगा। साथ ही इससे मध्यप्रदेश में धार्मिक पर्यटन को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने और प्रदेश की नई पहचान बनाने में भी मदद मिलेगी।

जन्माष्टमी से पहले द्वारकाधीश के दर्शन को बताया सौभाग्य

मुख्यमंत्री ने द्वारकाधीश मंदिर को चार धामों में शामिल प्रमुख तीर्थस्थलों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी से पहले भगवान द्वारकाधीश के दर्शन करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

दर्शन और पूजन के दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान द्वारकाधीश से मध्यप्रदेश की जनता के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

Share This News :