Homeअपना शहर,प्रमुख खबरे,slider news,
ग्राम तुरारी में शिवाभिषेक एवं विशाल किसान-कार्यकर्ता मिलन समारोह सम्पन्न

ग्वालियर : श्रावण मास के पावन अवसर पर ग्राम तुरारी, वार्ड क्रमांक 66, जिला ग्वालियर स्थित शिव मंदिर में शिवाभिषेक एवं विशाल किसान-कार्यकर्ता मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के संयोजक एवं ग्राम तुरारी के पूर्व सरपंच लाखन सिंह के नेतृत्व में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में किसान, भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए।

समारोह के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री, भारत सरकार नरेन्द्र सिंह तोमर रहे। उन्होंने शिव मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि भगवान शिव केवल आराध्य देव ही नहीं, बल्कि समरसता, त्याग, करुणा और लोककल्याण के प्रतीक हैं। शिवजी के दरबार में कोई बड़ा-छोटा नहीं होता। वे देवों के देव हैं और समाज के हर वर्ग को अपने हृदय में स्थान देने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि ग्राम तुरारी में भगवान शिव मंदिर में अभिषेक के पावन अवसर पर वे अपने आपको धन्य समझते हैं। भगवान शिव का पूजन-अभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की गई। इसके पश्चात किसानों, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ एक ही स्थान पर बैठकर गोठ एवं भोजन प्रसादी ग्रहण करना भारतीय संस्कृति की उस महान परंपरा का संदेश है, जिसमें सबको साथ लेकर चलने की भावना सर्वोपरि है।

तोमर ने कहा कि जब किसान, श्रमिक, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं, तो वहां केवल अन्न का प्रसाद नहीं होता, बल्कि समानता, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रसाद भी मिलता है। भगवान शिव हमें यही प्रेरणा देते हैं कि समाज में भेद नहीं, समरसता हो; दूरी नहीं, अपनापन हो और अहंकार नहीं, सेवा का भाव हो। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के चरणों में सभी यह संकल्प लें कि समाज और क्षेत्र के विकास में मिल-जुलकर योगदान देंगे, किसानों का सम्मान करेंगे और समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे।

तोमर ने कहा कि कार्यक्रम में मौजूद ज्यादातर लोग उनके पुराने मित्र और परिवार के सदस्य हैं, जिनके साथ वर्षों से घर-परिवार का रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा कि आज इस आयोजन में रहकर वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं।

51 स्वागत द्वारों पर हुआ भव्य स्वागत

नरेन्द्र सिंह तोमर दोपहर 2:30 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इससे पूर्व वे अपने निवास स्थान रेस क्रॉस रोड से काफिले के साथ रवाना हुए। गांधी रोड मोटल तानसेन तिराहा, गोविंद पुरी तिराहा, राजमाता सिंधिया चौराहा, अयोग्य धाम अस्पताल महलगांव रोड, माधवनगर गेट, प्रभा होटल, नाका चंद्रबनी चौराहा, विक्की फैक्ट्री चौराहा से लेकर ग्राम तुरारी तक इक्यावन स्वागत द्वार बनाए गए थे। जगह-जगह किसानों एवं जनता जनार्दन ने बड़ी मालाओं, पुष्पवर्षा, माला एवं गमछा पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम को मुख्य अतिथि तोमर के अलावा मध्य प्रदेश अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, पूर्व विधायक रामबरन सिंह गुर्जर एवं भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य चौधरी वीरेंद्र जैन ने संबोधित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत ग्वालियर के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रामबरन सिंह गुर्जर ने की। अति विशिष्ट अथिति के रूप में अपेक्स बैंक मध्य प्रदेश के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव एवं भारतीय जनता पार्टी जिला ग्वालियर महानगर अध्यक्ष जयप्रकाश राजोरिया उपस्थित रहे।

विशेष अतिथियों में नगर निगम ग्वालियर के सभापति मनोज तोमर, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र जैन, बीजेपी से ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण अध्यक्ष अशोक जादौन, बजर सिंह गुर्जर, पूर्व अध्यक्ष भाजपा कमल माकीजानी, देवेश शर्मा, ग्वालियर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष वेद प्रकाश शिवहरे, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य अशोक जैन, ग्वालियर विकास प्राधिकारण के पूर्व उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह गुर्जर, जनपद पंचायत मुरार पूर्व अध्यक्ष बाबू सिंह गुर्जर, भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा उपाध्यक्ष पंडित विवेक शर्मा, भारतीय जनता पार्टी जिला ग्रामीण किसान मोर्चा पुर्व अध्यक्ष वज्रमोहन सिंह गुर्जर, जिला ग्रामीण भाजपा पूर्व माहामंत्री दीपाक माहोर, वरिष्ठ भाजपा नेता होतम सिंह गुर्जर, पार्टी के युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री राहुल ढमोले सहित अन्य पदाधिकारी गण, जिला अध्यक्ष गण, मण्डल अध्यक्ष गण एवं वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

सामूहिक भोजन प्रसादी के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामुहिक ग्रुप से भोजन प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान दाल, टिककर एवं चूरमे के लडडू का आनंद लिया।

कार्यक्रम का संचालन भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष बृजमोहन सिंह गुर्जर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व सरपंच लाखन सिंह ने किया।

पूर्व विधायक रामबरन सिंह गुर्जर एवं कार्यक्रम संयोजक ग्राम तुरारी के पूर्व सरपंच लाखन सिंह ने नरेन्द्र सिंह तोमर के भव्य स्वागत के लिए सभी ग्रामीण किसानों, कार्यकर्ताओं, जनता जनार्दन एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया।

Share This News :