खत्म हुआ 1.25 करोड़ बहनों का इंतजार... इस तारीख को आएगी लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त
भोपाल। मध्य प्रदेश की करीब 1.25 करोड़ लाड़ली बहनें मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त (Ladli Behna Yojana 39th kist) का इंतजार कर रही हैं। इस बार किस्त जारी होने को लेकर 19 अगस्त की तारीख चर्चा में है। संभावना है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव मैहर जिले से महिलाओं के खातों में योजना की राशि ट्रांसफर कर सकते हैं।
इसी के आधार पर माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री 19 अगस्त को मैहर से लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त (Ladli Behna Yojana 39th Installment Latest Update) जारी कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के दौरे की तारीख को लेकर भी जिला प्रशासन की ओर से अभी कोई अंतिम जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
15 तारीख के बाद क्यों हो रही देरी?
लाड़ली बहना योजना की राशि आमतौर पर हर महीने 15 तारीख से पहले या उसके आसपास महिलाओं के खातों में पहुंच जाती है। इस बार मुख्यमंत्री मोहन यादव के कई कार्यक्रमों और स्वतंत्रता दिवस समारोह के चलते किस्त जारी होने में देरी हुई है।
पहले यह उम्मीद भी जताई जा रही थी कि रक्षाबंधन के आसपास महिलाओं के खातों में योजना की राशि भेजी जा सकती है। अब 19 अगस्त को राशि ट्रांसफर होने की संभावना चर्चा में है।
1500 रुपये मिलेंगे या 1750 रुपये?
लाड़ली बहना योजना की राशि के साथ रक्षाबंधन और भाई दूज के अवसर पर महिलाओं को 250 रुपये का अतिरिक्त शगुन दिए जाने की व्यवस्था पहले देखने को मिली है। इसलिए इस बार भी महिलाओं के बीच यह सवाल है कि उन्हें 1500 रुपये मिलेंगे या 1750 रुपये।
फिलहाल सरकार की ओर से 250 रुपये अतिरिक्त देने को लेकर कोई अपडेट नहीं दिया गया है। उपलब्ध संकेतों के आधार पर इस बार अलग से 250 रुपये का शगुन मिलने की संभावना कम बताई जा रही है। पिछले साल भाई दूज पर योजना की मासिक सम्मान राशि 1250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये की गई थी। उस समय भी 250 रुपये की अतिरिक्त राशि अलग से नहीं दी गई थी। ऐसे में इस बार भी महिलाओं को 1500 रुपये मिलने की ही संभावना मानी जा रही है।
7 लाख से ज्यादा नाम कटने की चर्चा
39वीं किस्त से पहले लाभार्थियों के रिकॉर्ड के सत्यापन की प्रक्रिया को लेकर भी जानकारी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि करीब 7 लाख नाम योजना से हटाए जा चुके हैं। ऐसे में लाभार्थियों के लिए अपनी पात्रता और भुगतान की स्थिति जांचना जरूरी है।
अगर किसी महिला को अपने नाम को लेकर संदेह है तो वह लाड़ली बहना योजना के पोर्टल पर जाकर 'आवेदन एवं भुगतान की स्थिति' के विकल्प के माध्यम से जानकारी देख सकती है। वहीं, जिन महिलाओं की eKYC अभी पूरी नहीं हुई है, वे समग्र पोर्टल के माध्यम से eKYC करा सकती हैं।
19 अगस्त को आएगा पैसा? अभी इंतजार जरूरी
फिलहाल 19 अगस्त को 39वीं किस्त जारी होने की संभावना जरूर जताई जा रही है, लेकिन इसे अंतिम तारीख नहीं माना जा सकता। सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणा होने के बाद ही किस्त की तारीख और राशि को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। महिलाओं को फिलहाल आधिकारिक अपडेट का इंतजार करना होगा।