महाराज साहब के नेतृत्व में साडा क्षेत्र को मिलेगी नई गति : अशोक शर्मा
ग्वालियर (विनय शर्मा) : विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के नवनियुक्त अध्यक्ष अशोक शर्मा एवं उपाध्यक्ष हरीश मेवाफरोश ने बुधवार को साडा कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण से पूर्व अध्यक्ष अशोक शर्मा ने प्रातः 11 बजे पाताली हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात वे ऊर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया के साथ खुली जीप में सवार होकर भव्य स्वागत यात्रा के रूप में साडा कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उपनगर ग्वालियर की सड़कों पर करीब तीन घंटे तक उनका जोरदार स्वागत हुआ। जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई और आतिशबाजी कर कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। स्वागत यात्रा पाताली हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर हजीरा, चार शहर का नाका, लधेड़ी होते हुए साडा कार्यालय पहुंची।
पदभार ग्रहण के उपरांत आयोजित स्वागत समारोह में साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा ने नई जिम्मेदारी के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय महाराज श्रीमंत माधवराव सिंधिया के नाम पर स्थापित इस विशेष क्षेत्र प्राधिकरण की गरिमा को बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि वे महाराज श्रीमंत सिंधिया एवं मुख्यमंत्री मोहन यादव के विश्वास पर खरा उतरने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
अशोक शर्मा ने कहा कि पथरीले साडा क्षेत्र को हरियाली में परिवर्तित किया जाएगा तथा महाराज साहब के नेतृत्व में इसके विकास को नई गति दी जाएगी। उन्होंने ऊर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की सराहना करते हुए उन्हें कर्मयोगी बताया और कहा कि विकास एवं प्रगति उनके कार्यों की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उनसे उन्होंने ईमानदारी से संबंध निभाने की प्रेरणा प्राप्त की है। उन्होंने आश्वस्त किया कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ किया जाएगा।
इस अवसर पर ऊर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं को फिलहाल निगम-मंडलों में अवसर नहीं मिल पाया है, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता धैर्य एवं ईमानदारी के साथ पार्टी के लिए कार्य करते रहें, उन्हें भी अवसर अवश्य प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि साडा क्षेत्र के एक हिस्से को उद्योगों के लिए चिन्हित किया गया है, जहां निकट भविष्य में अनेक उद्योग स्थापित होंगे, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने अशोक शर्मा के अनुभव एवं क्षमता पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वे साडा अधिकारियों के सहयोग से क्षेत्र के समग्र विकास को सुनिश्चित करेंगे।
साडा उपाध्यक्ष हरीश मेवाफरोश ने कहा कि वे और अध्यक्ष अशोक शर्मा राम-लक्ष्मण की जोड़ी के रूप में समन्वय स्थापित कर साडा के विकास हेतु कार्य करेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने कहा कि निगम-मंडलों में हुई नियुक्तियों से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है और संगठन को मजबूती मिली है।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, पूर्व साडा अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह, पूर्व जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, कमल माखीजानी, अभय चौधरी, किशन मुद्गल, जीडीए उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अरविंद वैद्य मंचासीन रहे। इसके अतिरिक्त धीर सिंह तोमर, जीडीए उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शिवहरे, नरेश गुप्ता, राममोहन तिवारी, श्री गोस्वामी, अजीत वरइया, महेश मुद्गल, रामबाबू कटारे, डॉ. प्रदीप कश्यप सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनय जैन ने किया।