एमपी में 4 मौसम सिस्टम सक्रिय, 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई जगह ओले, 7 अप्रैल तक असर
मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। एक साथ कई सिस्टम एक्टिव होने से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में 45 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, जबकि यह स्थिति 7 अप्रैल तक बनी रहने के संकेत हैं। इसके बाद मौसम साफ होते ही तेज गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा।प्रदेश इस समय साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) और टर्फ लाइन से बने मजबूत सिस्टम की चपेट में है। दरअसल, प्रदेश के बीचोंबीच एक टर्फ लाइन गुजर रही है, जबकि दूसरी टर्फ ऊपरी स्तर पर सक्रिय है। इसके साथ ही पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बने हुए हैं। इन चारों सिस्टम के संयुक्त असर से पिछले चार दिनों से आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को भी 20 से ज्यादा जिलों में ऐसा ही मौसम देखने को मिला।मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल और ग्वालियर समेत 45 जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।इन सिस्टम्स के कारण प्रदेश में रोजाना 30 से 35 जिलों में मौसम अचानक बदल रहा है। कहीं तेज हवाएं चल रही हैं तो कहीं बारिश और ओलावृष्टि हो रही है।शनिवार को जबलपुर, कटनी, छतरपुर, पन्ना और दमोह जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, रीवा, सतना, मैहर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी चल सकती है।