Homeअपना शहर,
नगर निगम का टैक्स कलेक्टर रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा

जबलपुर नगर निगम के संभागीय जोन कार्यालय, जोन नंबर 10 रांझी में उस समय हड़कंप मच गया जब लोकायुक्त की टीम ने टैक्स कलेक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। लोकायुक्त ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम जब्त कर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया।लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजूलता पटेल ने बताया कि मानेगांव रांझी निवासी दीपक कुशवाहा (उम्र 30 वर्ष, पिता स्व. वशिष्ठ कुशवाहा) नजूल के मकान की टैक्स रसीद में पुराने धारक के स्थान पर पत्नी का नाम दर्ज करवाने के लिए नगर निगम रांझी जोन कार्यालय पहुंचे थे। कार्यालय में उन्होंने टैक्स कलेक्टर चन्द्रभान नोनिया से संपर्क किया, जो मूल रूप से ग्राम सचिव हैं, लेकिन वर्तमान में नगर निगम में टैक्स कलेक्टर के पद पर तैनात हैं। पत्नी का नाम दर्ज करने के एवज में टैक्स कलेक्टर ने दीपक से रिश्वत के रूप में 5,000 रुपये मांगें। पीड़ित ने इसकी शिकायत लोकायुक्त में की थी। जांच में पीड़ित की शिकायत सही पाई गई। दोनों के बीच रिश्वत की रकम 3,000 रुपये तय हुई। दीपक राशि लेकर जब कार्यालय पहुंचे, तो टैक्स कलेक्टर ने जैसे ही पैसे लिए, लोकायुक्त की टीम ने दबिश देकर उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।लोकायुक्त की टीम ने रिश्वत की रकम जब्त कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1) ठ, 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया। ट्रैप दल में निरीक्षक उमा कुशवाह, निरीक्षक जितेन्द्र यादव, उप निरीक्षक शिशिर पांडेय और अन्य शामिल थे।

 
 
 

Share This News :