Homeराज्यो से ,
महाशिवरात्रि पर खास तैयारी, 44 घंटे अखंड दर्शन; शिव नवरात्रि में अलौकिक अनुष्ठान

सनातन धर्म परंपरा में जैसे शक्ति उपासना के लिए देवी मंदिरों में नवरात्रि का पर्व मनाया जाता है, उसी तरह विश्वप्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में शिव नवरात्रि विशेष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाती है। देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में श्री महाकालेश्वर एकमात्र ऐसा मंदिर है, जहां शिव नवरात्रि का विधिवत आयोजन होता है।श्री महाकालेश्वर मंदिर में शिव नवरात्रि का शुभारंभ फाल्गुन कृष्ण पंचमी, 6 फरवरी से हो चुका है, जो महाशिवरात्रि महापर्व के अगले दिन तक चलेगा। इस अवधि में श्रद्धालुओं के लिए भगवान महाकालेश्वर के पट लगभग 44 घंटे तक दर्शनार्थ खुले रहेंगे।

महाशिवरात्रि पर विशेष पूजा-अर्चना
महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान श्री महाकालेश्वर के मंगल पट भस्म आरती के लिए खोले जाएंगे। भस्म आरती के पश्चात प्रातः 7:30 से 8:15 बजे तक दध्योदक आरती, 10:30 से 11:15 बजे तक भोग आरती संपन्न होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे उज्जैन तहसील की ओर से पूजन-अभिषेक किया जाएगा।

 

सायं 4 बजे होल्कर एवं सिंधिया स्टेट की ओर से पूजन होगा। सायंकाल पंचामृत पूजन के उपरांत भगवान को नित्य संध्या आरती की तरह गर्म मीठे दूध का भोग अर्पित किया जाएगा।

 

महाशिवरात्रि की रात्रि में महाअभिषेक
15 फरवरी की रात्रि 11 बजे से संपूर्ण रात्रि और प्रातः 6 बजे तक भगवान श्री महाकालेश्वर का विशेष महाअभिषेक पूजन होगा। इस दौरान 11 ब्राह्मणों द्वारा एकादश रुद्रपाठ एवं विभिन्न वैदिक मंत्रों के साथ अभिषेक किया जाएगा।

अभिषेक में भस्म लेपन, पंच फलों के रस, पंचामृत (101 लीटर दूध, 31 किलो दही, 21 किलो खांडसारी, 21 किलो शहद, 15 किलो घी), गंगाजल, गुलाब जल, भांग तथा केसर मिश्रित दूध का प्रयोग किया जाएगा।

 
 
 
 
 

Share This News :