दिल्ली BJP को मिला नया दफ्तर: 'GST सुधार का लाभ हर आम आदमी तक पहुंचे', पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं से किया आग्रह

प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, दिल्ली और भाजपा का रिश्ता सिर्फ एक शहर और एक पार्टी का नहीं है, ये सेवा, संस्कार और सुख-दुख में साथ निभाने का है। पहले जनसंघ और फिर भाजपा के रूप में, हमारी पार्टी हमेशा दिल्ली के हितों के लिए प्रतिबद्ध रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा आज नवरात्र के इन पावन दिनों में दिल्ली भाजपा को अपना नया कार्यालय मिला है। दिल्ली भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई। भाजपा की स्थापना को 45 वर्ष हो गए हैं, लेकिन जिस बीज से भाजपा इतने विशाल वटवृक्ष के रूप में विकसित हुई है, उसका बीजारोपण अक्तूबर 1951 में हुआ था, जब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ की स्थापना हुई थी। आज दिल्ली भाजपा के पास जो ताकत है, वह पिछले दशकों में हमारे लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग और कड़ी मेहनत का परिणाम है। साथ ही देशभर के कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा, हमें यह सुनिश्चित करना है कि जीएसटी सुधार का लाभ आम आदमी तक पहुंचे।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि, दिल्ली और भाजपा का रिश्ता सिर्फ़ एक शहर और एक पार्टी का नहीं है, ये सेवा, संस्कार और सुख-दुख में साथ निभाने का है। पहले जनसंघ और फिर भाजपा के रूप में, हमारी पार्टी हमेशा दिल्ली के हितों के लिए प्रतिबद्ध रही है। जनसंघ की स्थापना के बाद से, हमने हर तरह से दिल्ली के लोगों की सेवा की है। आपातकाल के दौरान, जनसंघ के नेताओं ने दिल्ली के लोगों के साथ मिलकर सरकारी दमन के ख़िलाफ़ लड़ाई लड़ी। यहां तक कि 1984 के सिख दंगों के दौरान, जिसने दिल्ली की आत्मा पर गहरा आघात पहुंचाया, दिल्ली भाजपा ने हमारे सिख भाइयों की रक्षा की।