MP News: पीएम मोदी मध्यप्रदेश में मनाएंगे 75वां जन्मदिन, देश के पहले पीएम मित्रा पार्क समेत कई सौगातें देंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 75वें जन्मदिन पर बुधवार को मध्यप्रदेश आ रहे हैं। यह अवसर खास इसलिए भी है क्योंकि मोदी दूसरी बार प्रदेश की धरती पर अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 17 सितंबर 2022 को अपने 72वें जन्मदिन पर कूनो नेशनल पार्क में चीतों को छोड़कर ‘प्रोजेक्ट चीता’ की शुरुआत की थी। इस बार प्रधानमंत्री धार जिले के ग्राम भैंसोला में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यहां वे प्रदेश को कई अहम सौगातें देंगे, जिनमें देश का पहला पीएम मित्रा पार्क, ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार एवं पोषण’ अभियान और ‘आदि सेवा पर्व’ प्रमुख हैं। इस दौरान प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे।महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को सुदृढ़ करने के अभियान का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुभारंभ करेंगे। यह अभियान स्वास्थ्य और परिवार कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संयुक्त रूप से संचालित होगा। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य शिविरों और संस्थानों के माध्यम से निवारक, संवर्धनात्मक और उपचारात्मक सेवाएं दी जाएंगी। इस अभियान में महिलाओं की व्यापक स्वास्थ्य जांच, एनीमिया रोकथाम, संतुलित आहार और मासिक धर्म स्वच्छता जैसे विषयों पर विशेष जोर रहेगा। उद्देश्य है कि महिलाएं और किशोरियां नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाकर परिवार और समाज की सशक्त नींव बन सकें।
- प्रधानमंत्री मातृ-वंदना योजना का अंतरण : मोदी एक क्लिक में देशभर की पात्र महिलाओं के खातों में राशि अंतरित करेंगे। मध्यप्रदेश की लगभग 1 लाख महिलाएं इससे लाभान्वित होंगी।
- ‘सुमन सखी चैटबॉट’ की लॉन्चिंग : प्रधानमंत्री मोदी ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों की गर्भवती महिलाओं के लिए चैटबॉट लांच करेंगे। इससे उन्हें समय पर सही जानकारी और सेवाएं मिल सकेंगी।
- सिकल सेल स्क्रीनिंग के एक करोड़वें कार्ड का वितरण : यह ऐतिहासिक उपलब्धि देश में सिकल सेल एनीमिया के खिलाफ सामूहिक लड़ाई का प्रतीक बनेगी।
- एक बगिया मां के नाम : पर्यावरण सुधार और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री महिला स्व-सहायता समूह की सदस्य को पौधा भेंट करेंगे। प्रदेश में अब तक 10,162 महिलाएं इस योजना से जुड़ चुकी हैं।