Homeअपना शहर,slider news,
दगाबाज पति की खौफनाक करतूत: पत्नी के चेहरे पर बरसाई गोलियां, पुलिस पर तानी पिस्टल; आंसू गैस छोड़कर किया काबू

ग्वालियर शहर में दिनदहाड़े दिल दहलाने वाली घटना सामने आई। एक युवती को गोलियों से भून दिया गया। उसके चेहरे पर चार-पांच गोली मारी गई हैं। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। गोली मारने वाला बदमाश उसका पति ही है। जिससे उसने प्रेम विवाह किया था। युवती ने कुछ दिन पहले उसकी धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस से की थी, माना जा रहा है कि इसी का बदला लेने के लिए ये वारदात अंजाम दी गई।

लोगों में मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शी एडवोकेट एमपी सिंह ने बताया कि मैं न्यायालय से आ रहा था। तरुण पुष्कर तक पहुंचा था कि गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इधर आकर देखा तो एक सनकी टाइप का व्यक्ति था, उसने एक युवती पर एक एक कर कई गोलियां चलाईं। युवती सड़क पर बेसुध पड़ी थी। किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के आने के बाद आंसू गैस के गोले छोड़े तब आरोपी को पकड़ा जा सका।

पुलिसवाले पर तानी पिस्टल
पुलिस का कहना है कि घटना के दौरान आरोपी ने पुलिस को डराने की भी कोशिश की, लेकिन कम बल का प्रयोग कर उसे काबू कर लिया गया। आरोपी के पास से हथियार भी जब्त कर लिया गया है। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल की टीम जांच में जुटी है। बताया जाता है कि पुलिस जब आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही थी, तब उसने पुलिस को डराने के लिए उन पर भी पिस्टल तान दी थी।

बता दें कि घटना शुक्रवार दोपहर शहर के बीचोंबीच स्थित रूप सिंह स्टेडियम के सामने की है। यहां बदमाश ने युवती को रोका और उसके चेहरे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बदमाश को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह किसी के हाथ नहीं आया। बदमाश ने पुलिसवालों पर भी पिस्टल तान दी। पुलिस को आरोपी पर काबू पाने के लिए आंसू गैस फायर करना पड़ा। बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया और गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों की मानें तो युवती की मौत मौके पर ही हो गई थी। लेकिन पुलिस अभी भी मौत होने की जानकारी नहीं दे रही है। एसपी धरमवीर सिंह का कहना है कि डॉक्टरों द्वारा अभी युवती की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

दोनों पति-पत्नी

बताया जा रहा है कि युवती का नाम नंदनी और गोली चलाने वाले का नाम अरविंद परिहार है। अरविंद ने नंदिनी परिहार से आर्य समाज मंदिर से शादी की थी। 9 सितंबर को नंदिनी ने अरविंद के खिलाफ एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की थी। नंदिनी ने आरोप लगाया था कि अरविंद ने धोखे से उससे शादी की। उसने बताया था कि उसने दो साल पहले अरविंद परिहार से आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। बाद में उसे पता चला कि अरविंद पहले से शादीशुदा है और फिलहाल पूजा परिहार नामक महिला के साथ रह रहा है, जिससे उसका एक बेटा भी है।

नंदिनी ने कुछ दिन पहले जनसुनवाई में भी बताया था कि अब अरविंद और पूजा सोशल मीडिया पर उनकी फर्जी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल कर रहे हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। अरविंद ने कहा था कि अगर वह उसके पास वापस नहीं आई तो उसे जान से मार देगा।

कार से कुचलने की कोशिश भी कर चुका

युवती ने पुलिस को शिकायत में यह भी बताया था कि शिकायत दर्ज कराने के बाद अरविंद ने सिरोल थाने के पास उसे कार से कुचलने की कोशिश की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल भी हुई थी। इस घटना पर भी थाने में केस दर्ज हुआ था और आरोपी को जेल जाना पड़ा था।

AI से अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर रिश्तेदारों को भेजता था पति
पुलिस को की शिकायत में युवती नंदनी ने ये भी बताया था कि उसका पति अरविंद परिहार एआई तकनीक से उसके अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर रिश्तेदारों को भेज रहा है और बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। पति उसे पुराने हमले के मामले में समझौता करने के लिए दबाव बना रहा है।

Share This News :