Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
डिप्रेशन के नाम पर कक्षा 7वीं की छात्रा को गले लगाने की कोशिश; MP में प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक सरकारी स्कूल के प्रिंसपिल पर कक्षा 7वीं की छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। प्रिंसिपल पर आरोप है कि उसे बच्ची को डिप्रेशन से राहत देने के नाम पर गले लगाने की कोशिश की। इतना ही नहीं प्रिंसिपल ने उसे धमकी भी दी कि अगर इस बारे में उसने किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। घटना 26 जुलाई की बताई जा रही है लेकिन खुलासा तब हुआ जब बच्ची ने अपने परिवार के साथ 11 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक प्रिंसिपल 26 जुलाई को पीड़िता की क्लास में आया, उसे अपनी सबसे अच्छी छात्रा कहा और उससे कहा कि "जब एक शिक्षक डिप्रेशन में होता है, तो अपने पसंदीदा छात्र को गले लगाने से तनाव कम होता है। रिपोर्ट के मुताबिक उसी दिन शाम करीब 4 बजे, जब क्लास खत्म हुई , तो लड़की अपनी एक सहेली के साथ कुछ सामान रखने स्कूल के स्टोररूम में गई। आरोप है कि प्रिंसिपल ने तब उसकी सहेली को बाहर भेज दिया और पीड़िता का हाथ पकड़ कर उसे बुरी नीयत से उसे गले लगाने की कोशिश की।

आरोप है कि जब बच्ची ने इसका विरोध किया तो प्रिंसिपल ने उसे इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। लड़की ने बताया कि वह डर के मारे दो हफ्ते से ज्यादा समय तक चुप रही और फिर अपने परिवार को बताया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और ज़ला शिक्षा विभाग को सूचित कर दिया है।

Share This News :