एमपी में बदलेगा मौसम, कई जगहों पर होगी बारिश, कोहरा और कोल्ड वेव का यलो अलर्ट
मध्य प्रदेश में मौसम एकबार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के कारण 11 और 12 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना है। खासतौर पर 10 से 12 जनवरी के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों और आसपास के मध्य भारत में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 11 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
यदि अगले 24 घंटे की बात करें तो मध्य प्रदेश के भोपाल, रायसेन, सिहोर, शहडोल, राजगढ़, शाजापुर, जबलपुर, सिवनी, मंडला जिलों के विभिन्न हिस्सों में शीत लहर पड़ने की चेतावनी जारी की गई है। इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों के कुछ हिस्सों में हल्का से मध्यम कोहरा भी छाने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान सूबे के ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर जिलों के अलग अलग हिस्सों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग ने 11 जनवरी को श्योपुरकलां, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर जिलों के विभिन्न हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी का अनुमान जताया है। बीते 24 घंटे की बात करें तो मध्य प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस खंडवा में दर्ज किया गया जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में दर्ज किया गया।