एक-एक वोट दतिया के विकास को गति देगा : नरोतम मिश्रा
दतिया । कांग्रेस को गांव,गरीब व महिला सम्मान से कभी कोई लेना-देना नहीं रहा है। आज आप सम्मान से जी रहे है, लेकिन अगर आप ने गलती से भी कांग्रेस को जिता दिया तो वह तो जीत जाएंगे लेकिन आप खुद हार जाओगे। उक्त बात मंगलवार को डॉ. नरोत्तम मिश्रा जी ने ग्राम नंदपुर सहित कई गांवो में जनसंपर्क कर नुक्क्ड़ साभाओ को संबोधित करते हुए कही।
डॉ मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो सेवा नहीं सत्ता के लिए राजनीति करती है। उसने कभी भी गांव, गरीब व महिला सम्मान के लिए काम नहीं किया। उल्टे वह सत्ता में आते ही गरीब, किसान, महिला सम्मान की योजनाए बंद कर देती है। डॉ मिश्रा ने कहा कि आश्चर्य यह है कि यह बातें आप को भी पता है। कांग्रेस का चरित्र भी आपको पता है लेकिन इसके बाद भी आप उनके झूठ के मायाजाल में फंस जाते हो। बार-बार यही गलती दोहराते भी हो लेकिन याद रखना इस बार यह गलती की तो हो सकता है कांग्रेस जीत जाए, लेकिन आप खुद हार जाओगे। इसलिए यह गलती भूल से भी नहीं करनी है। डॉ मिश्रा ने कहा कि किसी गांव मे मुझे कम वोट मिलते है किसी गांव मे ज्यादा। लेकिन मैंने कभी विकास में भेदभाव नहीं किया। जिस गांव से मैं हारा वहां भी मैंने उतने ही काम कराएं जैसे अन्य गांवो में कराएं।
डॉ मिश्रा ने कहा कि पूरे समय प्राण-प्रण से आपकी सेवा में जुटे रहने के बाद आपके लिए जान की बाजी तक लगाने के बाद जब आपका वोट भ्रम में पड़कर गलत जगह जाता है तो पीड़ा तो होती है। आप जानते है, कोरोना काल जब अपनों तक ने साथ छोड़ दिया था तब भी मैं अपने परिवार के साथ अस्पताल में आपके साथ खड़ा रहता था। गांव कोटरा में जब बाढ़ आई थी और 9 लोग उसमे फंस गए थे और उनके अपने उन्हें छोड़कर भाग गए थे तब जान की बाजी लगाकर मैं बचाने गया था। आप ही बताओ कि आप तकलीफ में रहे हो और में साथ नहीं खड़ा हुआ हूं। आप जनता जनार्दन हो। आपका फैसला आपकी मर्जी है, लेकिन जब सेवा में हम प्राण-प्रण लगाते है और आपका आशीर्वाद नहीं मिलता है तो तकलीफ तो होती है। उम्मीद है इस बार भी आप लोग कांग्रेस के मायाजाल में नही फंसेंगे और कमल के फूल का बटन ही दबाएंगे। आपका एक-एक वोट ही दतिया का भविष्य तय करेगा।