कांग्रेसी जब वोट मांगने आये तो आप भी उनसे 35 साल का हिसाब मांगना : डॉ. नरोतम मिश्रा
दतिया । कांग्रेसी बस मुझे गाली देकर वोट लेना चाहते हैं। उनके पास बताने के लिए कुछ नहीं है। कांग्रेस प्रत्याशी भारती और उनका परिवार 65 साल से यहां राजनीति कर रहा है। 10 साल भारती और 15 साल उनके पिता यहां से विधायक रहे लेकिन दतिया के लिए क्या किया, यह न भारती और न ही कोई कांग्रेसी बता सकता है। यहां 15 साल से मैं विद्यायक हूं और अपने काम का हिसाब आपको दे रहा हूँ। कांग्रेसी जब वोट मांगने आएं तो आप भी उनसे 35 साल का हिसाब मांगना। यकीन मानिए हिसाब मांगते ही वह भाग खड़े होंगे। यह बात प्रदेश शासन के गृहमंत्री व पार्टी प्रत्याशी डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दतिया के विभिन्न गांवों में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि इन 15 सालों में इतना विकास हुआ है कि वह भी एक रिकॉर्ड है। लेकिन कांग्रेसियां को विकास नहीं दिखाई देता है, उन्हें यहां भय दिखता है। दतिया में उन्हें डर दिखता है, उन्हें तब डर नहीं लगता था जब यही कांग्रेस प्रत्याशी भारती यहां से विधायक थे और प्रदेश में भी कांग्रेस सरकार होने के बाद भी यहां डाकुओं का राज था। दतिया में गुंडागर्दी इतनी थी कि आए दिन हत्याएं, लूट कि घटनाएं होती थीं। आज दतिया शांति का टापू है तब इन्हें डर लग रहा है। डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आपको कांग्रेस के भय व भ्रम में नहीं आना है। कांग्रेस धोखेबाज पार्टी है, विकास कि उड़ान भरते दतिया को आपके सपनों का दतिया बनाने के लिए आपको कमल का बटन दबाकर फिर से आशीर्वाद देना है। उन्होंने ग्राम बिड़निया, निरावल सहित आधा दर्जन गांवों में पहुंचकर जनसंपर्क कर समर्थन मांगा।