भाजपा प्रत्याशी नरोत्तम मिश्रा ने भरा नामांकन व जनता को बताया भगवान
ग्वालियर : दतिया से भाजपा प्रत्याशी व प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने आज मां पीतांबरा के दर्शन करने बाद सादगी के साथ अपना नामांकन भरा। वह अपने कुछ समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुँचे और रिटर्निंग अधिकारी को नामांकन फॉर्म सौंपा। बता दे कि नामांकन भरने से एक दिन पहले रविवार को उन्होने जनआशीर्वाद रैली निकाली थी। तीन किलोमीटर लंबी इस रैली में जनसैलाब उमड़ पड़ा था।
नामांकन भरने के बाद नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि हमारे लिए जनता भगवान है, कांग्रेस के लिए केवल वोट। उन्होने कहा कि कांग्रेस को वोट दिया तो वह फिर जन कल्याणकारी योजनाएं बंद करा देगी। सोमवार को उन्होने लगभग आधा दर्जन गावों में नुक्कड़ सभाए लेकर जहाँ कांग्रेस प्रत्याशी पर जमकर हमला बोला वही लोगों को चेताया कि गलती से भी कांग्रेस को वोट दिया तो वह पहले कि तरह ही लाडली लक्ष्मी सहित सारी जन कल्याणकारी योजनाएं बंद करा देगी। भाजपा प्रत्याशी डॉ नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को अपने चुनाव प्रचार कि शुरुआत ग्राम सिरोल से की। उसके बाद वह ग्राम रीछरा, ग्राम बुधेड़ा, ग्राम बरोरा सहित अन्य स्थानों पर पहुँचे। डॉ मिश्रा ने सभी जगह नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया।