5वीं लिस्ट में महाराज का दबदबा , इन सब को मिला फायदा ..
ग्वालियर (विकासपथ न्यूज़) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ग्वालियर पहुंचने से पहले बीजेपी ने केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को बड़ी खुशखबरी दी। बीजेपी की 5वीं लिस्ट में सिंधिया समर्थक कई नेताओं को टिकट मिला है। सबसे बड़ा पेंच गुना जिले की बमोरी विधानसभा सीट को लेकर फंसा था। यहां से सिंधिया समर्थक महेन्द्र सिंह सिसोदिया को बीजेपी ने फिर से टिकट दिया है। पीएम मोदी शनिवार को सिंधिया के बुलावे पर ग्वालियर के सिंधिया स्कूल पहुंचे थे। इस स्कूल के 125 साल पूरे होने पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
बीजेपी ने सिंधिया समर्थक नेता महेन्द्र सिंह सिसोदिया को फिर से गुना जिले की बमोरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। महेन्द्र सिंह सिसोदिया की टिकट पर पेंच फंसा हुआ था। बताया जा रहा है कि सर्वे में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी लेकिन सिंधिया के प्रेशर के कारण उन्हें टिकट मिल गया है। वहीं, मंत्री सुरेश धाकड़ को भी टिकट मिला है। सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल होने वाले कमलेश जाटव को अम्बाह विधानसभा सीट से फिर से टिकट दिया गया है।
ग्वालियर पूर्व से ज्योतिरादित्य सिंधिया की करीबी माया सिंह को टिकट दिया गया है। हालांकि यहां से सिंधिया समर्थक मुन्ना लाल गोयल भी रेस में थे। माया सिंह का संबंध सिंधिया राजघराने से है। अशोकनगर विधानसभा सीट से सिंधिया समर्थक जजपाल सिंह जज्जी को दोबारा मौका दिया गया है।