अपने ही विधानसभा क्षेत्र में जाने से बच रहे BJP उम्मीदवार नरेंद्र सिंह तोमर, टिकट मिले हो चुके 11 दिन
मध्य प्रदेश में घोषित बीजेपी की दूसरी लिस्ट में शामिल विधानसभा उम्मीदवारों पर हर किसी की नजर टिकी हुई है. पार्टी आलाकमान ने दिग्गज चेहरों को प्रदेश के चुनावी मैदान में उतार दिया है. इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में शामिल कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का भी नाम है. मुरैना-श्योपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद और केंद्रीय मंत्री तोमर को दिमनी सीट से बीजेपी ने प्रत्याशी बनाया है.
बीजेपी ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को भले ही टिकट दे दिया है. लेकिन प्रत्याशी तोमर अपने ही विधानसभा क्षेत्र में जाने से बच रहे हैं. दिमनी से प्रत्याशी घोषित किए हुए तोमर को पूरे 11 दिन बीत चुके हैं, लेकिन वह अब तक अपने विधानसभा में प्रचार करने के लिए नहीं पहुंचे हैं. खास बात यह है कि नरेंद्र सिंह तोमर पिछले कुछ दिनों से लगातार मुरैना जिले की अलग-अलग विधानसभा में पहुंच रहे हैं. लेकिन दिमनी विधानसभा से उन्होंने दूरी बनाए रखी है.
कार्यकर्ताओं को इंतजार
दरअसल, केंद्रीय मंत्री को दिमनी से विधानसभा चुनाव का प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद से इलाके का माहौल अचानक परिवर्तित हो गया है. इतने बड़े नेता को अपने बीच देने देखने दिमनी विधानसभा में मौजूद बीजेपी के कार्यकर्ता बेताब हैं. बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं लेकिन उम्मीदवार अभी तक दिमनी नहीं पहुंचे हैं.
दूसरे उम्मीदवारों के लिए कर रहे प्रचार
नरेंद्र सिंह तोमर प्रत्याशी घोषित होने के बाद सबलगढ़ विधानसभा में पहुंचकर बीजेपी प्रत्याशी सरला रावत के पक्ष में प्रचार करते हुए जनसभा कर चुके हैं. इसके अलावा पोरसा विधानसभा में पहुंचकर केंद्रीय स्कूल का भूमि पूजन करते हैं.