उज्जैन में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में सरकार का बड़ा एक्शन, जानें क्या बोले गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा
मध्य प्रदेश में 12 साल की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस घटना के सीसीटीवी फुटेज देखकर आपके रौंगटे खड़े हो जाएंगे. उज्जैन की बड़नगर सड़क पर दांडी आश्रम के पास आरोपियों ने एक बच्ची के साथ रेप करके उसे फेंक दिया. इसके बाद इस फुटेज में वह अर्धनग्न अवस्था में इधर उधर घूमती दिखाई दे रही है. अब इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है. साथ ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया. इस बीच मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस घटना पर बड़ा बयान दिया है. एमपी के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए इस घटना की निंदा की. उन्होंने कहा कि पीड़िता अब खतरे से बाहर है और उसकी हालात ठीक है. ये बच्ची उज्जैन की नहीं, बल्कि बाहर की लग रही है. हालांकि, अभी वो ठीक से किसी सवाल का जवाब नहीं दे पा रही है. काउंसलर और चाइल्ड स्पेशलिट पीड़िता से वार्ता करने के लिए लगाए गए हैं. इस मामले के लिए एसआईटी का गठन किया गया है और एक संदिग्ध को भी हिरासत में लिया गया है. अब संदिग्ध से पूछताछ होगी और फिर आगे की कार्रवाई होगी. उज्जैन में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के मामले पर ASP जयंत सिंह राठौड़ ने कहा कि महाकाल थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है. इस मामले में 3 टीमों का गठन किया गया है. कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है. आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पीड़ित बच्ची को इंदौर के एमवायएच अस्पताल में रखा गया है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर है.