सरकार बनी तो क्या शिवराज फिर बनेंगे सीएम? अमित शाह ने दिया ये जवाब
भोपाल: चुनावी साल में लगातार मध्य प्रदेश के दौरे कर रहे केंद्रीय गृह मंत्री रविवार को एक बार फिर राज्य की राजधानी पहुंचे. इस दौरान शाह ने गरीब कल्याण महाअभियान का रिपोर्ट कार्ड पेश किया और जमकर विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नेताओं पर भी बरसे. इसी दौरान अमित शाह सूबे की सियासत में यक्ष प्रश्न बन रहे सवाल का जवाब भी इशारों-इशारों में दे गए. अमित शाह ने बातों-बातों में इशारा कर दिया कि अगर फिर एक बार मध्य प्रदेश में बीजेपी का कमल खिलता है तो मुख्यमंत्री कौन होगा.
अमित शाह से जब इस बाबत सवाल किया गया कि अगर भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से मध्य प्रदेश में सरकार बनाने में कामयाब होती है तो क्या पार्टी किसी अन्य नेता को मुख्यमंत्री बनाएगी या शिवराज सिंह चौहान ही इस पद पर काबिज रहेंगे. सूबे की सियासत के इस यक्ष प्रश्न का जवाब देते हुए अमित शाह ने बस इतना ही कहा, ‘शिवराज जी तो मुख्यमंत्री हैं हीं. हमारी पार्टी का काम है और हम ये तय करेंगे. अभी हम चुनाव में हैं.’
राजनीति के जानकारों की मानें तो अमित शाह का इस सवाल पर सीधा जवाब न देना भविष्य में होने वाली घटनाओं की ओर साफ-साफ इशारा कर रहा है. ये इशारा बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व में लड़ने की मुहिम के साथ जोड़ने पर और भी साफ हो जाता है. शिवराज सिंह चौहान 15 साल से राज्य के मुख्यमंत्री हैं, लेकिन इसके बाद भी सीधे-सीधे सीएम फेस के लिए उनका नाम न लेना इशारा करता है कि बीजेपी चुनाव जीतने के बाद किसी नए चेहरे पर भी दांव लगा सकती है. हालांकि इसको लेकर भी साफ-साफ न ही अमित शाह ने कुछ कहा है और न ही किसी अन्य नेता ने.
हालांकि बीजेपी पहले ही साफ कर चुकी है कि मध्य प्रदेश का चुनाव पूरी तरह केंद्रीय नेतृत्व के तहत लड़ा जाएगा और चुनाव बाद ही मुख्यमंत्री के चेहरे का ऐलान किया जाएगा. सूबे में बढ़ती गुटबाजी को दबाने के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने चुनावों की लगाम अपने हाथ में ली और खुद अमित शाह इस अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं. साथ ही बीजेपी ने ये भी साफ कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर ही मध्य प्रदेश का चुनाव लड़ा जाएगा.