घनी आबादी में पहुंच होगी आसान, सीएम शिवराज ने गृहमंत्री के साथ दिखाई हरी झंडी
प्रदेश की घनी आबादी के बीच पुलिस की पहुंच को आसान बनाने के लिए आज महिला पुलिस कर्मियों को 250 टू व्हीलर्स दिए गए। भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर महिला पुलिसकर्मियों की टूव्हीलर रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर सीएम शिवराजसिंह चौहान ने कहा यह जो पुरुष प्रधान समाज है, उसमें कई बार मन दुख से भर जाता है। मन पीड़ा से भर जाता है। कोई बेटी गोली-बिस्कुट लेने के लिए दुकान पर जाएं और वह दुकानदार ही उससे अश्लील हरकत करे, हर जगह आप पुलिस नहीं बिठा सकते। यह दृष्टिकोण कब बदलेगा, हमने अनेकों प्रयास किए। आप जानते हैं कोई किसी बहन के साथ अन्याय हो और वह थाने में जाए तो पूछताछ करने वाले पुरुष हों तो, इसलिए मैंने तय किया कि 30 परसेंट पुलिस फोर्स में बेटियों की अनिवार्य भर्ती करूंगा। जब यह फैसला में कर रहा था तब मैंने कई पुलिस अधिकारियों को इस फैसले का विरोध करते हुए देखा। CM शिवराजसिंह चौहान ने कहा, बहन-बेटियों के साथ दुराचार करने वालों को मध्यप्रदेश में फांसी देने का फैसला किया, उनकी अवैध संपत्ति पर बुलडोजर भी चलाएं। जब तक मां, बहन-बेटियों को बराबरी पर लाकर खड़ा नहीं कर देते चैन की सांस नहीं लेंगे, यह तो मेरा संकल्प है उसमें सुरक्षा सबसे बड़ा संकल्प है। आज जब हमारी बेटियां निकलेंगी तो यह एहसास कराएंगे की चिंता मत करो हम तुम्हारे साथ हैं। आत्मविश्वास आएगा, अपराधियों में भय पैदा होगा और महिलाओं के प्रति अपराधों को हम पूरी तरह से नियंत्रित करेंगे।