मुरैना में एक घर पर फायरिंग, भाजपा नेता के बेटे पर दबंगई का आरोप
मुरैना शहर के गणेशपुरा की अंतोबाई गली में एक मकान पर मंगलवार रात करीब पौने दस बजे बाइक पर सवार होकर आए पांच बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फायरिंग की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। बताया जाता है कि फायरिंग करने में भाजपा नेता व वर्तमान में नगरनिगम पार्षद का पुत्र व उसके साथी शामिल हैंं। हालांकि फरियादी ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।घटनाक्रम के मुताबिक अंतोबाई की गली निवासी इकबाल अहमद कुर्रैशी ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि रात करीब पौने दस बजे वह और उसके स्वजन घर पर थे। तभी घर के बाहर से फायरिंग करने की आवाज आई। जब बाहर देखा तो घर के सामने बाइक से आए पांच युवक फायरिंग कर रहे हैं। फायरिंग से उनके घर के दरवाजों में भी छेद हो गए हैं। घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।फरियादी ने एफआईआर तो अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज कराई है। लेकिन बताया जाता है कि गणेशपुरा क्षेत्र में ही रहने वाले भाजपा नेता व पार्षद का पुत्र अपने साथियों के साथ अंतोबाई की गली में आया और उसने फायरिंग करना शुरू कर दिया। फायरिंग के पीछे किसी लड़की का चक्कर बताया जाता है। हालांकि पूरा मामला पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।