Home > वायरल न्यूज़,
श्री यंत्र के कारण ही धरती पर लौटी थीं लक्ष्मीजी, जानिए इसके बारे में

 à¤®à¤¾à¤¨à¤µ के जीवन में समृद्धि, वैभव, संपन्नता, शक्ति, बुद्धि और सौंदर्य का समावेश होता है और सांसरिक सुखों की कामना और इसके बाद मोक्ष की आराधना जीवन का चरमोत्कर्ष होता है। इहलोक से परलोक तक की यात्रा मनुष्य इसी महत्वाकांक्षा के साथ तय करता है।

शास्त्रों में वैभव और समृद्धि प्राप्त करने के अनेक उपाय बताए गए हें। इनमे सबसे सहज, सरल और फलीभूत होने वाले उपायों में से एक है श्रीयंत्र की पूजा-उपासना। मान्यता है कि श्रीयंत्र की आराधना से अक्षय लक्ष्मी की प्राप्ति होती है और सुख-शांति के साथ विपुल धन-धान्य का सौभाग्य प्राप्त होता है।

एक बार महालक्ष्मी अप्रसन्न होकर बैकुण्ठ को चली गईं, इससे पृथ्वी तल पर काफी समस्याएं पैदा हो गईं। ब्राह्मण और महाजन वर्ग बिना लक्ष्मी के दीन-हीन, असहाय हो गए, तब ब्राह्मणों में श्रेष्ठ वशिष्ठ ने निश्चय किया कि मैं लक्ष्मी को प्रसन्न कर भूतल पर ले आऊंगा।

जब वशिष्ठ बैकुण्ठ में जा कर लक्ष्मी से मिले तो ज्ञात हुआ कि लक्ष्मी अप्रसन्न हैं और वह किसी भी स्थिति में पृथ्वी पर आने को तैयार नहीं हैं, तब वशिष्ठ वहीं बैठ कर विष्णु की आराधना करने लगे। जब विष्णु प्रसन्न होकर प्रकट हुए तो वशिष्ठ ने कहा, हम पृथ्वी पर बिना लक्ष्मी के दुःखी हैं, हमारे आश्रम उजड़ गए हैं। और धरती का वैभव समाप्त हो गया है।

भगवान विष्णु, वशिष्ठ को साथ लेकर लक्ष्मी के पास गए और उन्हें मनाने लगे, परन्तु लक्ष्मी नहीं मानीं और उन्होंने दृढ़तापूर्वक कहा कि मैं किसी भी स्थिति में वापस जाने को तैयार नहीं हूं। क्योंकि पृथ्वी पर साधना और शुद्धि नहीं है।

निराश होकर वशिष्ठ पुनः धरती पर लौट आए और लक्ष्मी के निर्णय से सबको अवगत करा दिया। सभी चिंतित थे और समस्या का समाधान निकालने की कोशिश कर रहे थे। तब देवताओं के गुरु बृहस्पति ने कहा कि अब एकमात्र ‘ श्रीयंत्र साधना ’ ही बची है, और यदि सिद्ध ‘ श्री यंत्र ’ बना कर स्थापित किया जाए, तो निश्चय ही लक्ष्मी को आना पड़ेगा।बृहस्पति के निर्देश से ॠषियों ने धातु पर श्रीयंत्र का निर्माण किया और उस यंत्र को मंत्र सिद्ध प्राण प्रतिष्ठायुक्त किया। दीपावली से दो दिन पूर्व धन त्रयोदशी को उस श्रीयंत्र को स्थापित कर विधि-विधान से उसका षोडशोपचार पूजन किया। पूजन समाप्त होते-होते लक्ष्मी स्वयं वहां उपस्थित हो गईं और बोलीं – ‘मैं किसी भी स्थिति में यहां आने के लिए तैयार नहीं थी, यह मेरा प्रण था, परन्तु बृहस्पति की युक्ति से मुझे आना ही पड़ा। श्रीयंत्र मेरा आधार है और इसी में मेरी आत्मा निहित है।

एक बार आदिगुरू शंकराचार्य ने भगवान शंकर की कठिन तपस्या की। महादेव ने प्रसन्न होकर शंकराचार्य को दर्शन दिए और उनसे वर मांगने को कहा। तब उन्होंने श्रीशिव से जगत कल्याण के बारे में पूछा।

 

महादेव ने उन को लक्ष्मी स्वरूपा श्रीयंत्र के बारे में बताया और कहा कि श्रीयंत्र त्रिपुर सुंदरी का आराधना स्थल है। श्रीयंत्र मे बना चक्र देवी का निवास स्थान है और उनका रथ भी यही है। इस यंत्र में स्वयं देवी विराजमान है। इसलिए इस यंत्र की पूजा से धन वैभव की प्राप्ति के साथ मानव कल्याण होता है। तभी से इस यंत्र की पूजा का विधान चला आ रहा है।

श्रीयंत्र को समस्त ब्रह्मांड का प्रतीक माना गया है। ‘श्री’ शब्द का अर्थ लक्ष्मी, सरस्वती, शोभा, संपदा और विभूति माना जाता है। उपासक को धन संपत्ति विद्या और सुख आदि की ‘श्री’ देने वाली विद्या को श्रीविद्या कहा जाता है। श्री यंत्र को कल्पवृक्ष भी कहा गया है, जिसके सानिध्य में सारी कामनाएं पूर्ण होती हैं, जो साधक को पूर्ण मान-सम्मान और प्रतिष्ठा प्रदान करता है

 

दुर्गा सप्तशती में कहा गया है

‘आराधिता सैव नृणां भोगस्वर्गापवर्गदा’

 

आराधना किए जाने पर आदिशक्ति मनुष्यों को सुख, भोग, स्वर्ग, अपवर्ग देने वाली होती है। उपासना सिद्ध होने पर सभी प्रकार की 'श्री' अर्थात चारों पुरुषार्थों की प्राप्ति हो सकती है। इसलिए इस यंत्र को 'श्रीयंत्र' कहा जाता हैं। इस यंत्र की अधिष्ठात्री देवी त्रिपुर सुंदरी हैं। इसे शास्त्रों में विद्या, महाविद्या, परम विद्या के नाम से जाना जाता है।

Share This News :