Home > वायरल न्यूज़,
कांग्रेस की लिस्‍ट जारी

छत्‍तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्‍मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्‍ला का नाम भी शामिल है। करुणा शुक्‍ला को राजनांदगांव सीट से टिकट दिया गया है। वे मुख्‍यमंत्री रमन सिंह के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरेंगी।

कांग्रेस ने दो विधायकों के टिकट काट दिए हैं। इस बार भोलाराम साहू को खुज्‍जी और तेजकुंवर नेताम को मोहला से टिकट नहीं दिया गया है।

वहीं खैरागढ़ से गिरवार जांघेल, डोंगरगढ़ एससी सीट से भुवनेश्‍वर सिंह बघेल, डोंगरगढ़ से दलेश्‍वर साहू, खुज्‍जी से चन्‍नी साहू और मोहला मानपुर से इंद्रा शाह मंडावी को कांग्रेस ने अपना उम्‍मीदवार बनाया है।

 

करुणा पहले भाजपा में थीं, लेकिन टिकट न मिलने से असंतुष्ट होकर उन्होंने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया था। राजनांदगांव सीट से भाजपा ने सीएम डॉ रमन सिंह को उम्मीदवार बनाया है। अब करुणा शुक्ला चुनावी रण में सीएम डॉ रमन से सीधी टक्कर लेंगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे के साथ ही देर शाम कांग्रेस ने प्रदेश में छह उम्मीदवारों के नाम की दूसरी सूची जारी की।

 

इससे पहले विधानसभा चुनाव के लिए छत्‍तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने पहली सूची जारी की थी। इसमें 12 उम्‍मीदवारों के नाम थे। बस्तर संभाग की 12 विधानसभा सीटों के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार तय कर दिए थे।

छत्तीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव संपन्न होंगे। पहले चरण के चुनाव 12 नवंबर को होने वाले हैं। जिसमें बस्तर और राजनांदगांव क्षेत्र की 18 सीटें शामिल हैं। प्रदेश में विधानसभा की कुल 90 सीटें है।

 

उल्‍लेखनीय है कि पहली सूची में से आठ सीटें ऐसी रही जहां कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों को एक बार फ‍िर अवसर दिया है। वहीं कांकेर विधानसभा सीट से विधायक शंकर धुर्वा को इस बार टिकट नहीं मिला । कांग्रेस ने इस बार भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी और आदिवासी कांग्रेस के अध्‍यक्ष शिशुपाल सोरी को टिकट दिया है।

कांग्रेस ने अंतागढ़ से अनूप नाग, भानुप्रतापपुर से मनोज मंडावी, केशकाल से संतराम नेताम, बस्तर से लखेश्वर बघेल, नारायणपुर से चंदन कश्यप को टिकट दिया है वहीं चित्रकोट से दीपक बैज, जगदलपुर से रेखचंद जैन, बीजापुर से विक्रम मंडावी, कोंडागांव से मोहन मरकाम को कांग्रेस का टिकट मिला है।

 

 

 

Share This News :