Home > वायरल न्यूज़,
इतिहास बन जाएंगे रेलवे के प्रिंट कार्ड टिकट, अब होगी यह व्यवस्था

 à¤°à¥‡à¤²à¤µà¥‡ प्रशासन प्रिंट कार्ड टिकटों (पीसीटी) को बंद करने की तैयारी में है। इसके लिए मंथन जारी है। प्रस्ताव पर मुहर लग गई तो जल्द ही छोटे स्टेशनों (हाल्ट) पर भी अनरिजर्व टिकट सिस्टम (कंप्यूटराइज्ड टिकट) से बुक होने वाले टिकट जारी होने लगेंगे। इसके साथ ही भारतीय रेलवे का यह पुराना टिकट इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाएगा।विभागीय जानकारों के अनुसार प्रमुख हाल्ट स्टेशनों पर भी यूटीएस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जो हाल्ट स्टेशन बच जाएंगे, वहां बिना डेट प्रिंट (बिना तारीख) के यूटीएस टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे। हाल्ट के लिए यूटीएस टिकटों का प्रिंट पास वाले स्टेशनों पर कराया जाएगा। वैसे भी पिछले दो माह से गोरखपुर का रेलवे प्रेस बंद होने के बाद प्रिंट कार्ड टिकटों की छपाई पूरी तरह से बंद है।प्रिंट कार्ड टिकटों का चलन सिर्फ हाल्ट स्टेशनों पर ही है। इसके अलावा कुंभ मेला या विषम परिस्थिति में ही इसका प्रयोग होता है। लेकिन, छपाई, ढुलाई और रखरखाव को लेकर रेलवे प्रशासन के सामने हमेशा परेशानी बनी रहती है। गोरखपुर रेलवे प्रेस बंद होने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है।रेलवे बोर्ड के निर्देश के बाद भी दिल्ली स्थित सकूर बस्ती रेलवे प्रेस पूर्वोत्तर रेलवे के टिकटों की छपाई करने को तैयार नहीं है। देश में रेलवे के कुल चार प्रेस बचे हैं वह भी अब अतिरिक्त छपाई करने को तैयार नहीं है। पूर्वोत्तर रेलवे में 500 स्टेशन हैं, इनमें 146 हाल्ट स्टेशन हैं।रेलवे बोर्ड ने यूटीएस के साफ्टवेयर को मजबूत बना दिया है। यूटीएस का ऑनलाइन सिस्टम फेल होने के बाद भी स्टेशनों से 72 घंटे तक टिकटों की बुकिंग हो सकती है। हालांकि, इसके बाद आपात काल से निपटने के लिए सभी स्टेशनों पर एक माह के लिए प्रिंट कार्ड टिकटों का संग्रह रहता है। मगर, अब स्टेशनों पर भी पीसीटी की जगह यूटीएस टिकटों का संग्रह सुनिश्चित किया जाएगा।

Share This News :