Home > वायरल न्यूज़,
मरने से पहले इस आस में सांप के टुकड़े-टुकड़े कर गई महिला

कोरबा। à¤à¤• महिला ने जहरीले सर्प को डसने की ऐसी सजा दी कि उसे सुनकर आप भी भौचक रह जाएंगे। उसने सांप को पकड़ लिया और चाकू से काटकर उसके कई टुकड़े कर डिब्बे में डाल दी। अस्पताल में इलाज कराने की जगह वह झाड फूंक कराने बैगा के पास जा पहुंची। शरीर में जहर फैल जाने की वजह से हालत गंभीर हुई तो गांव के लोगों ने जिला अस्पताल दाखिल कराया, जहां उसकी मौत हो गई।

सांप के काटने के बाद पकड़कर डिब्बे में बंद कर देने की कई घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी है। गांव में मान्यता है कि डसने के बाद सांप जितना चलता है, उतना अधिक पीड़ित व्यक्ति के शरीर में जहर फैलता है। इस मान्यता को लेकर ग्रामीण आमतौर पर सांप काटने की घटना के बाद उसे कैद कर लेते है, ताकि वह चल न सके।

पीड़ित के स्वास्थ्य ठीक होने के बाद बंधक सांप को मुक्त किया जाता है, लेकिन इस बार जो कुछ हुआ वह इससे पहले कभी नहीं हुआ था। मामला कुसमुंडा थाना के गेवरा बस्ती धरमपुर का है। यहां रहने वाली दिलकुंवर (42) मंगलवार की रात जमीन पर सोई थी। इसी दौरान एक जहरीले सर्प ने उसके पैर को निशाना बनाया।

पहले तो वह बरसाती कीड़ा काटने की आशंका पर ध्यान नहीं दी। उसे लगा कि कोई कीड़ा या चूहे ने काटा है। कुछ देर बाद अचानक उसकी नजर एक जहरीले सर्प पर पड़ी। उसे माजरा समझते देर नहीं लगी और उसने झपटकर सर्प को भागने से पहले पकड़ लिया।

न जाने उसे क्या सूझा कि सर्प को कई टुकड़ों में काटकर डिब्बे में बंद कर दिया। दिलकुंवर का मानना था कि ऐसा करने से सांप का जहर उस पर नहीं चढ़ेगा, लेकिन थोड़ी ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। अंधविश्वास में जकड़ी दिलकुंवर ने फिर गलती की और अस्पताल जाने की जगह बैगा के पास झाड़ फूंक कराने पहुंच गई।

इन सब में समय जाया होने की वजह से उसके शरीर में जहर तेजी से फैल गया। उसकी हालत गंभीर होने पर घर के आसपास में रहने वाले उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया। उसके पति का निधन भी अभी कुछ दिनों पहले हुआ था।उसके बाद से वह अकेले ही खेती किसानी कर जीवन यापन कर रही थी। उसकी मौत के बाद प्रशासन से मिलने वाली सहायता राशि को लेकर परिवार के बीच अभी से विवाद शुरू हो गया है। कुसमुंडा पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम किया है।

Share This News :