Home > वायरल न्यूज़,
महाकाल मंदिर में प्रवेश के लिए जारी 188 प्रोटोकाल पास निरस्त

उज्जैन। à¤®à¤¹à¤¾à¤•ाल मंदिर में प्रवेश के लिए सरकारी विभागों को जारी किए गए सत्कार/प्रोटोकाल पास निरस्त करने का बड़ा कदम मंदिर प्रबंध समिति ने उठाया है। मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष व कलेक्टर मनीषसिंह ने 188 पास निरस्त करने का आदेश जारी किया है। चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया है कि चुनिंदा निजी लोगों को भी ये पास जारी कर दिए गए, जिनमें राजनीति से जुड़े लोग भी शामिल हैं। आदेश में कलेक्टर ने यह स्पष्ट किया है कि इस तरह के वीआईपी पास जारी करने का कोई औचित्य नहीं है।

महाकाल मंदिर की व्यवस्था में सुधार के लिए यह कदम उठाया गया है। आदेश के साथ वह सूची भी जारी की गई है, जिन लोगों के नाम ये जारी किए गए थे। केंद्र व राज्य शासन के अधिकारियों को ये पास जारी किए गए थे। कलेक्टर ने स्पष्ट फरमान भी जारी किया है कि यह आदेश 6 प्रतियों में पुलिस चौकी प्रभारी को तामिल किए जाएं, जिससे कि सूची प्रवेश के सभी दरवाजों पर मौजूद पुलिसकर्मियों को दी जा सके। निजी सुरक्षा कंपनी के प्रभारी को भी इतनी ही प्रतियों में इसे उपलब्ध कराया जाए। थाना प्रभारी महाकाल को भी सूची सहित देने को कहा है।

 

250 रुपए की रसीद कटवाएं और दर्शन कराएं...

आदेश में साफ किया है कि सभी विभागों के शासकीय प्रतिनिधियों, निजी व्यक्तियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अगर भस्मार्ती के लिए प्रवेश चाहते हैं तो विधिवत मंदिर प्रशासन की सत्कार शाखा में एक दिन पहले दोपहर 1 बजे तक लिखित आवेदन प्रस्तुत करें व विशेष दर्शन की सुविधा चाहते हैं तो श्रद्घालुओं का विवरण पदनाम व महत्व अंकित करते हुए सत्कार शाखा में आवेदन देकर 250 रुपए प्रति व्यक्ति के मान से रसीद कटवाकर भगवान महाकाल के दर्शन सभी श्रद्घालुओं को करा सकते हैं।

 

तो, होगी वैधानिक कार्रवाई

कलेक्टर ने आदेश में खासतौर से यह भी कहा है कि जिन लोगों के नाम से जारी पास निरस्त किए गए हैं, अगर वे पुलिसकर्मी या निजी सुरक्षाकर्मी के साथ विवाद या अप्रिय स्थिति निर्मित करते हैं तो शासकीय कार्य में बाधा मानकर पुलिस थाने में उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए।

 

इसलिए उठाया कड़ा कदम...

महाकाल मंदिर की व्यवस्थाओं को सुधारने के प्रति कलेक्टर सिंह निरंतर प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में उनके संज्ञान में यह बात सामने आई कि पास की अवधि खत्म होने के बाद भी लोग मंदिर में प्रवेश करने के लिए विवाद कर रहे थे। इससे मंदिर में अप्रिय स्थितियां बन रही थीं।

 

किसी को 4 किसी को 5 पास कर दिए थे जारी

मंदिर में प्रवेश के लिए कुछ विभागों को 4 तो किसी को 5 पास तक जारी कर दिए थे। राजस्व विभाग के पांच पटवारी, मप्र राज्य पर्यटन विकास निगम को चार, कृषि उपज मंडी समिति व केंद्रीय उत्पादन व सीमा शुल्क के तीन-तीन प्रतिनिधियों को पास जारी किए गए थे। एसबीआई को सबसे ज्यादा पास जारी किए गए थे। जेथल ब्रांच के चार प्रतिनिधियों सहित बुधवारिया शाखा व रिजनल ऑफिस के प्रतिनिधि को भी एक-एक पास दिए गए थे।

 

किसी विभाग में नहीं, फिर भी दे दिए पास

कुछ ऐसे लोगों को भी पास दिए गए थे, जो किसी विभाग में नहीं हैं। इंदौर के एक व्यक्ति के नाम भी पास पाया गया। कर्मचारी संघ के एक नेता को जारी किया गया पास भी निरस्त कर दिया गया है।

 

Share This News :