Home > वायरल न्यूज़,
पढ़िए दिशाओं को प्रणाम करने वाले की कहानी, बदल जाएगा आपका भी स्वभाव

प्राचीन समय की बात है एक व्यक्ति सभी दिशाओं में प्रणाम कर रहा था। इस दौरान वह प्रणामी मुद्रा, जिसको साधना की मुद्रा माना जाता है, में सभी दिशाओं को प्रणाम कर रहा था। तभी वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने जिज्ञासावश साधना कर रहे व्यक्ति से पूछा कि ' तुम यह क्या कर रहो?' तब प्रणाम कर रहे व्यक्ति ने कहा कि 'मैं सभी दिशाओं को प्रणाम कर रहा हूं। ' जिज्ञासावश उस व्यक्ति ने वापस पूछा कि ' तुम यह काम क्यों कर रहे हो?' तब साधना में रत व्यक्ति ने कहा कि 'यह तो मुझे पता नहीं।'

जिज्ञासु व्यक्ति ने बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि 'तुम अपने पड़ोसी से कैसा व्यवहार करते हो? कुछ लोग अपने नौकरों के साथ बहुत क्रूर व्यवहार करते हैं। क्या तुम भी उनके साथ बुरा व्यवहार करते हो? ' तब प्रणाम करने वाले व्यक्ति ने कहा कि ' कभी अच्छा करता हूं और कभी क्रूरता का व्यवहार करता हूं।' जिज्ञासु व्यक्ति ने पूछा कि ' अपने गुरु का सम्मान करते हो? ' तब उसने जवाब दिया कि ' कभी करता हूं कभी नहीं करता ।' जिज्ञासु ने पूछा क्या ' अपने मित्रों से लड़ाई करते हो? ' तब उसने उत्तर दिया कि ' कभी- कभी कर लेता हूं।'

अब सब बातें सुनने के बाद जिज्ञासु व्यक्ति ने कहा कि ' फिर दिशाओं को नमस्कार करने से क्या होगा। दिशाओं को नमस्कार करने का रहस्य क्या है पहले इसको समझो।' प्रणाम करने वाले व्यक्ति ने कहा कि ' यदि आप रहस्य को जानते हो तो कृपा कर मुझे बताएं।'

तब जिज्ञासु साधक ने प्रणाम करने वाले व्यक्ति को बताया कि ' पूर्व दिशा को नमस्कार करने का अर्थ है अपने पूर्वजों को नमस्कार करना। पश्चिम दिशा को नमस्कार करने का मतलब है अपने अनुगामियों को नमस्कार करना। उत्तर दिशा को नमस्कार करने का मतलब है अपने मित्रों के साथ अच्छा व्यवहार करना। दक्षिण दिशा को नमस्कार करने का मतलब है अपने गुरू के आदेशों का पालन करना। ऊंची दिशा को नमस्कार करने का मतलब है अपने धर्मगुरु और आचार्यों का सम्मान करना। नीची दिशा को नमस्कार करने का मतलब है अपने नौकर- चाकर को नमस्कार करना। साधक की बात सुनने के बाद उस व्यक्ति ने कहा कि अब मैं इन सभी का सम्मान करूंगा।

Share This News :