Home > वायरल न्यूज़,
सांप भी आपको जेल में पहुंचा सकता है

एस. सुन्दरेशन तो केवल अपने माता-पिता की लम्बी आयु के लिए देवताओं से आशीर्वाद पाना चाहता था लेकिन वह पहुंच गया सलाखों के पीछे क्योंकि उससे वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम का उल्लंघन हो गया था। 

सुन्दरेशन तमिलनाडु के कुडडनूर जिले के दुरेईस्वामी मंदिर का पुजारी है और उसने अपने माता-पिता के 80 वर्ष आयु तक पहुंचने के उपलक्ष्य में उनका सत्ताभिषेकम करने के लिए सर्प पूजा करनी थी। इसके लिए एक सांप की जरूरत पड़ी। उसने पलानी नामक एक सपेरे की सेवाएं लीं। सपेरे ने एक नाग (कोबरा) का प्रावधान किया और पुजारी महोदय उसे साथ लेकर अपने अनुष्ठान के लिए चल दिए। 

यह एक विशेष मौका था और जैसे कि आजकल अक्सर होता है इस मौके पर भी किसी ने सब कुछ वीडियो में रिकार्ड कर लिया और इसे प्रसन्नता और गर्व से सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इस क्लीपिंग में नाग देव फुंकारें मारता और पुजारी वैदिक ऋच्चाओं का उच्चारण करता दिखाई देता है। धार्मिक कर्मकांडों और अनुष्ठानों में नाग का प्रयोग कोई असामान्य बात नहीं। तमिलनाडु में सर्प जाति के प्राणियों को बहुत श्रद्धा भाव से देखा जाता है और पूरे राज्य में ‘नागक्कल’ के रूप में इस प्राणी की पूजा बहुत आम बात है लेकिन कोबरा जाति के सांप वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम के अनुच्छेद-2 के अंतर्गत एक संरक्षित नस्ल है और इस जाति के जीवों को अपने पास रखने के लिए जंगलात विभाग से लाइसैंस लेना पड़ता है। सपेरे के पास ऐसा लाइसैंस नहीं था। 

ऊपर से सुन्दरेशन के परिवार का दुर्भाग्य कि यह वीडियो वायरल हो गया और एक सप्ताह बाद जंगलात विभाग की नजरों में आ गया। कुड्डलूर फारैस्ट रेंजर अब्दुल हमीद ने बताया कि उनके विभाग ने पुजारी और सपेरा दोनों के विरुद्ध ही वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम की धाराओं-43, 48, 49, 50 तथा 51 के अंतर्गत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। यह अपराध जमानत योग्य नहीं होता। सुन्दरेशन के बूढ़े माता-पिता पर कोई मुकद्दमा दर्ज नहीं किया गया क्योंकि सपेरे की सेवाएं उन्होंने नहीं ली थीं लेकिन सुन्दरेशन को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि सपेरा फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Share This News :