Home > वायरल न्यूज़,
ताजमहल : अंग्रेजों ने किया था तोड़ने का फैसला और कर दी थी इसकी नीलामी

 à¤¤à¤¾à¤œà¤®à¤¹à¤² मोहब्बत की निशानी, संगमरमर पर लिखी गई इश्क की इबादत, एक शहंशाह के ख्वाब को हकीकत में उतार कर तामीर की गई हैरतअंगेज इमारत या हुस्न की मलिका मुमताज महल की याद को अमर कर देने वाला मकबरा। सदियों से अनेकों नामों और अलंकारों से इसको नवाजा गया है, लेकिन कायनात की खूबसूरती को अपनी दरों-दीवार में समेटे इस मकबरे का दीदार वक्त के साथ हमेशा हसीन होता चला गया।

बेशुमार दौलत लुटाने के बाद करीने से की गई नक्काशी और उम्दा किस्म के बेहतर जवाहरातों को इसमें जड़कर इसको यह दिलकश आकार दिया गया, लेकिन इसकी खूबसूरती पर बदलते वक्त का साया भी पड़ा है। कभी आक्रमणकारियों ने इसमें तोड़फोड़ की तो कभी अंग्रेजों ने इसको जमीदोज करने के मंसूबे बांधे। इसके बावजूद ताज अपनी मोहब्बत को परवान चढ़ाए पूरी शानो-शौकत के साथ खड़ा हुआ है। आइए एक नजर डालते हैं कब-कब ताज को आक्रमणों का शिकार होना पड़ा।

जाट राजा सूरजमल के कोप का हुआ था शिकार -

भरतपुर के साहसी और यशस्वी राजा सूरजमल जाट ने जब मुगलों को सबक सिखाने के लिए आगरा पर आक्रमण किया तो प्यार के पैगाम से फिजाओं को महकाने वाला ताज भी उनके क्रोध का शिकार बना। सबसे पहले उन्होने आगरा के दुर्ग पर फतह हासिल कर उसकी तोपों, हथियारों और खजाने पर अधिकार कर लिया। उसके बाद ताज महल के चांदी के दरवाजों को उखाड़ कर अपने कब्जे मे ले लिया। कहा जाता है उस वक्त जाट सेना ताजमहल की कब्रों पर जलने वाले बेशकीमती दिए को भी अपने साथ ले गए थे। आगरा पर महाराजा सूरजमल जाट ने 12 जून 1761 मे धावा बोला था और सन 1774 तक आगरा जाटों के कब्जे में बना रहा।

शाहजहां का ताजमहल हो गया था सेठ लख्मीचंद का -

1831 में ताज पर खरीद-फरोख्त के बादल मंडराने लगे थे। फिरंगी हुक्मरान गर्वनर जनरल लार्ड विलियम बैटिंग ने ताज को बेचने का फैसला कर लिया। इसके लिए बकायदा एक दैनिक अखबार में विज्ञापन दिया गया। तयशुदा कार्यक्रम के मुताबिक नीलामी शुरू हुई और इस तरह से उस वक्त 1.5 लाख रुपए में शाहजहां की मोहब्बत का ताज मथुरा के सेठ लख्मीचंद का हो गया, लेकिन जब ताज के मालिक सेठ लख्मीचंद ताज का कब्जा लेने के लिए गए तो उनको स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। सेठ कब्जा लिए बगैर वापस लौट आए।

एक बार फिर से नीलामी के मंसूबे बांधे गए और जुलाई 1831 में नीलामी शुरू हुई। इस बार राजस्थान के राजपरिवार के सदस्यों के साथ मथुरा के सेठ लख्मीचंद ने हिस्सा लिया। दूसरे दिन अंग्रेजों ने नीलामी में हिस्सा लिया। एक बार फिर ताज की बाजी सेठ लख्मीचंद के हाथों लगी और ताज 7 लाख रुपए में उनके नाम हो गया।

नीलामी एक सबसे अहम और नागवार शर्त यह थी कि ताज खरीदने वाला ताजमहल को तोड़कर उसके बेशकीमती पत्थरों को अंग्रेजों को सौपेगा, जिसको अंग्रेज भारतीय अमीरों को और महारानी विक्टोरिया को बतौर नजराना पेश करने वाले थे, लेकिन ताज को तोड़कर लंदन ले जाने का खर्च काफी हो रहा था और एक अज्ञात सिपाही ने किसी तरह से ताज को खंडित करने की बात और लार्ड बैटिंग के कुत्सित इरादों की खबर ब्रिटिश संसद तक पहुंचा दी, संसद में इस बात को लेकर विरोध हुआ तो विलियम बैटिंग को अपना इरादा त्यागना पड़ा।

1857 की क्रांति में ताज पर हुआ था हमला -

1857 के भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान, ताजमहल को लूट-खसोट का शिकार होना पड़ा। आक्रमणकारियों ने इसके अंदर जड़े हुए बेशकीमती पत्थरों जैसे लाजवर्त आदि को खोदकर निकाल लिया। इसके बाद फिरंगियों ने इसकी सुध ली और इसको सजाने-संवारने का फैसला किया। 19वीं सदी के अंत में ब्रिटिश वायसरॉय जॉर्ज नैथैनियल कर्ज़न ने इसके वास्तविक स्वरूप को लौटाने का एक योजना तैयार की, जो 1908 में शुरू हुई।

कहा जाता है लार्ड कर्जन एक पर्यटक की हैसियत से ताज का दीदार करने आए थे और ताज के कायाकल्प का फैसला कर लिया। उस वक्त कब्र पर एक साधारण दिया जल रहा था, उसकी जगह पर उन्होने काहिरा के तोदरस आदिर नाम के कारीगर से उस वक्त 15 हजार रुपए में एक नायाब चिराग को बनवाया था। इस चिराग पर फारसी भाषा में लिखा था - '1906 ई. में लार्ड कर्जन की जानिब से ताज को यह तोहफा।' यह अनोखा दीपक स्वयं वायसराय लार्ड कर्जन ने 18 फरवरी, 1906 को शाही मकबरों के सामने प्रज्ज्वलित किया था।

दूसरे विश्वयुद्ध में बांस-बल्ली का पहनाया गया था कवच -

दूसरे विश्वयुद्ध के समय ताजमहल को हवाई हमले से बचाने के लिये बांस-बल्ली का सुरक्षा कवच तैयार किया गया था। इसी तरह की कवायद 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्ध के समय भी की गई थी।

अंग्रेजों ने करवाई थी मरम्मत -

अंग्रेजों ने ताजमहल की मरम्मत भी करवाई थी। 1810 में ताज की मरम्मत का काम शुरू किया गया था और 1814 तक यह काम चलता रहा। उस वक्त इसकी मरम्मत पर करीब एक लाख रुपए खर्च हुए थे। 1857 के गदर में भी ताज को नुकसान पहुंचा था। 1857 की क्रांति के शांत होने के बाद सन 1864 में इसकी मरम्म्त करवाने का निर्णय लिया गया। नॉर्थ वेस्टर्न प्रोविंस के आईजी ऑफ हॉस्पिटल्स जॉन मूर ने आगरा के कलेक्टर पोलाक को खत लिखकर ताज की मरम्मत के लिए आग्रह किया था।

Share This News :