Home > वायरल न्यूज़,
आध्यात्म के साथ अफसर बनने की ख्वाहिश, कथा के साथ चल रही है पढ़ाई

जबलपुर । 8 साल की उम्र से श्रीमद्भागवत कथा सुना रहीं प्रियांशी देवी को अपने ही प्रवचनों से ऐसी प्रेरणा मिली कि अब वे एमपी पीएससी (मप्र लोक सेवा आयोग) की परीक्षा की तैयारी कर प्रशासनिक अफसर बनना चाहती हैं। तैयारी शुरू कर दी है। बताती हैं कि कक्षा तीसरी के बाद से परीक्षा के अनुसार उनकी कथाओं का दिन व समय निर्धारित किया जाता है।

यदि दोनों एक दिन आ जाते तो पहले परीक्षा देने जातीं और फिर आकर कथा करती हैं। ऐसा आज से नहीं, बल्कि 14 सालों से लगातार हो रहा है। कथा के दौरान भी जो समय बचता है, उसमें अपनी पढ़ाई पूरी करती हैं। कक्षा 10वीं में 92 और 12वीं में 90 प्रतिशत और इसी साल बीएससी में 74 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। बीएससी की परीक्षा देने के तुरंत बाद एमपी पीएससी की तैयारी में जुट गई हैं।

वे बताती हैं कि भागवत में भी कर्म को प्रधानता दी गई है और इसी से प्रेरणा लेकर मैं अध्ययन में भी पूरे मनोयोग से जुटी हुई हूं। वे अब तक 80 से अधिक स्थानों पर भागवत कथाएं कर चुकी हैं। दमोह जिले के हटा की निवासी प्रियांशी देवी ने तीन साल की उम्र में पहली बार मंच पर भजन गाया। इसके बाद आठ साल की उम्र में सागर जिले के कठौंदिया गांव में पहली श्रीमद्भागवत कथा की। 22 वर्षीय प्रियांशी देवी भारतीय ग्रंथों को सबसे बड़ा मोटिवेशनल गुरु मानती है।

भागवत कथा भी कह रही थीं, परीक्षा देने भी जाती थीं -

भजन और प्रवचनों के साथ-साथ शिक्षण प्रभावित न हो, इसका उन्होंने खूब ध्यान रखा। पहले स्कूल और अब कॉलेज का कोर्स पूरा करने में कभी कोताही नहीं की। प्रवचन और परीक्षाएं जब एक साथ हों, तब मेहनत कुछ ज्यादा ही करनी पड़ी। इसी साल बीएससी परीक्षा के दौरान उनकी कथा भी चल रही थी। जिस दिन उनकी परीक्षा होती तो एक दिन पहले वे मंच से अगले दिन कथा के दो घंटे लेट शुरू होने की घोषण कर देतीं। इससे न कथा प्रभावित हुई और न ही प्रियांशी को परीक्षा देने में ज्यादा परेशानी हुई। उनके पिता लखन सिंह सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं वहीं मां नीलसिंह हाउस वाइफ।

केन्द्रीय मंत्री उमा भारती भी कम उम्र में देने लगी थीं प्रवचन -

मप्र की पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री उमा भारती भी बुंदेलखंड में टीकमगढ़ जिले की हैं। जन्म 3 मई, 1959 को डुंडा गांव में एक लोधी किसान परिवार में हुआ था। बचपन में ही उन्होंने कई हिंदू धर्मग्रंथ कंठस्थ कर लिए और 6-7 साल की उम्र से ही प्रवचन देना शुरू कर दिया था।

Share This News :