Home > वायरल न्यूज़,
नकली दुल्हन दिखा दुल्हों को ठगने वाला मैरिज ब्यूरो पकड़ाया

साइबर सेल ने नकली दुल्हन दिखाकर दूल्हों को ठगने वाले दिल्ली चुंगी के पास स्थित मैरिज ब्यूरो पर छापा मारकर मालिक समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें 11 युवतियां भी हैं। इस मामले में दिल्ली निवासी दो लोगों ने एसएसपी मेरठ को ई-मेल पर शिकायत भेजी थी, जिसके बाद साइबर सेल को काम पर लगाया गया था। साइबर सेल ने मौके से पांच लैपटॉप और छह कंप्यूटर बरामद किए, जिनमें पूरा लेखा जोखा था। सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। 

दिल्ली निवासी तरुण कुमार और विनोद कुमार ने दो अलग-अलग शिकायत एसएसपी मेरठ मंजिल सैनी को कुछ दिन पहले भेजी थी। आरोप लगाया था कि मेरठ में विवाह मंगल डॉट कॉम नाम का एक मैरिज ब्यूरो है, जिसका विज्ञापन देखकर उसमें रजिस्ट्रेशन कराया था। इसके लिए 11 हजार रुपये का भुगतान किया गया। इसके बाद शादी की बात आगे बढ़ाने की जगह धोखाधड़ी की गई। à¤à¤¸à¤à¤¸à¤ªà¥€ ने साइबर सेल फील्ड यूनिट के प्रभारी परविंदर पाल सिंह और उनकी टीम को जांच के लिए निर्देश दिया। छानबीन के बाद पता चला कि विवाह मंगल डॉट कॉम नामक मैरिज ब्यूरो अवैध है और उसका रजिस्ट्रेशन भी नहीं है। ये मैरिज ब्यूरो दिल्ली रोड 281-वीरनगर दिल्ली चुंगी पर है। इसके बाद साइबर सेल टीम ने इस मैरिज ब्यूरो पर मंगलवार शाम करीब सात बजे दबिश दी। यहां से संचालक अरुण शर्मा समेत 11 युवतियां और तीन युवक पकड़े गए। सभी को महिला थाने भेजा गया। टीम में उमेश कुमार, कपिल और विजय शामिल रहे। सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करना, नकली दस्तावेज को असली की तरह इस्तेमाल करने समेत कई धाराओं में कार्रवाई की गई है। 

रिश्तों के संसार से सीखा काम
साइबर सेल के इंस्पेक्टर परविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी अरुण शर्मा पहले रिश्तों के संसार में काम करता था। यहां से काम सीखने के बाद उसने ये अपना मैरिज ब्यूरो खोला था। हालांकि इसका रजिस्ट्रेशन नहीं कराया और फर्जी तरीके से लोगों को पिछले तीन साल से ठगता रहा। अभी तक सैकड़ों लोगों से लाखों रुपये ठग चुका है। 

21 हजार तक का देते थे पैकेज 

मैरिज ब्यूरो में लोगों को चार तरह के पैकेज दिए जाते थे। 21 सौ रुपये के पैकेज में प्रोफाइल दिखाया जाता था। 61 सौ रुपये के प्रोफाइल में रजिस्ट्रेशन के साथ उन्हें कुछ प्रोफाइल भेज दिए जाते थे। इसके अलावा बातचीत फोन के माध्यम से करा दी जाती थी। 11 हजार और 21 हजार रुपये के पैकेज में प्रोफाइल के साथ दुल्हन का मोबाइल नंबर दिया जाता था। इसके अलावा यहीं मैरिज ब्यूरो में मीटिंग भी कराई जाती थी। दुल्हन को यहीं पर दिखाते थे। बाद में युवती बहाना बनाकर शादी से इंकार कर देती थी। 

वेस्ट यूपी को छोड़ बिहार और एमपी तक ठगी
एसपी क्राइम शिवराम यादव ने बताया कि आरोपी अपना विज्ञापन वेस्ट यूपी को छोड़कर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, बिहार, गुजरात, झारखंड, उड़ीसा, बंगाल, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में करते थे। इसके बाद फोन पर बातचीत होती थी और ऑनलाइन खाते में रकम जमा कराई जाती थी। 11 हजार और उससे ऊपर के पैकेज लेने के बाद दुल्हन दिखाई जाती थी। ऐसे में वेस्ट यूपी के लोग शिकायत कर सकते हैं, इसलिए यहां विज्ञापन नहीं किया जाता था। 

ये हुआ बरामद 
साइबर सेल ने मैरिज ब्यूरो से दो मुहर, 17 मोबाइल फोन, पांच लैपटॉप, 16 सिस्टम कंप्यूटर, 10 स्लिप बुक, 10 रजिस्टर बरामद किए। कुछ लैपटॉप की छानबीन में बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिनमें रकम ट्रांसफर कराई जाती थी। इसके अलावा रजिस्टरों में भी जांच की जा रही है कि किन किन की एंट्री हुई है। 

Share This News :