Home > वायरल न्यूज़,
राजधानी एक्सप्रेस से हटेंगे एसी-2 कोच, फ्लेक्सी फेयर में भी बदलाव संभव

सभी राजधानी एक्सप्रेस में एसी-2 कोच नहीं रहेंगे। इनकी जगह एसी-3 कोच लगाए जाएंगे। एसी-2 कोच में यात्रियों की कमी को देखते हुए रेलवे बोर्ड इसकी तैयारी कर रहा है। इसके तहत इस साल 1000 नए एसी-3 कोच के निर्माण के आदेश दिए गए हैं। फ्लेक्सी किराये में भी मामूली फेरबदल की जा सकती है।

रेल यात्रियों द्वारा होने वाली आलोचना को देखते हुए रेलवे बोर्ड एसी-3 कोच बढ़ाने सहित कई उपाय लागू कर रहा है। इसमें फ्लेक्सी किराये के फार्मूले में भी मामूली बदलाव हो सकता है, जिससे फ्लेक्सी से होने वाली आय में कमी नहीं आए। रेलवे बोर्ड के इस फैसले से 50 राजधानी ट्रेनों में एसी-3 की लगभग 14,400 अतिरिक्त बर्थ का इंतजाम हो जाएगा। इसका फायदा रेल यात्रियों को होगा।

बतातें हैं कि फ्लेक्सी फेयर फार्मूले के चलते राजधानी एसी-2 का किराया हवाई जहाज के बराबर पहुंच जाता है, जिससे यात्री विवश होकर ट्रेन के बजाए हवाई सफर कर रहे हैं। लेकिन एसी-3 का किराया उनके बजट में है। रेलवे को एसी-2 के बजाए एसी-3 से अधिक राजस्व प्राप्त होता है। इसलिए रेलवे बोर्ड ने सभी राजधानी ट्रेनों में एसी-2 को हटाकर एसी-3 कोच लगाने का फैसला किया है। 

दूसरी ओर, बगैर अतिरिक्त सुविधा मुहैया कराए फ्लेक्सी के ऊंचे किराये से यात्रियों में खासा आक्रोष है। रेलवे बोर्ड फ्लेक्सी फार्मूले में बदलाव पर विचार कर रहा है। हालांकि रेलवे ने 2017-18 में फ्लेक्सी से 862 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व हासिल किया है। लिहाजा आय में कमी किए बगैर किराये के फार्मूले में बदलाव किया जा सकता है।

प्रीमियम ट्रेनेां में हमसफर ट्रेन का किराया फार्मूला लागू किया जा सकता है। रेलवे बोर्ड के सदस्य यातायात मोहम्मद जमशेद ने इस बात के संकेत दिए हैं। हमसफर ट्रेनों में शुरुआत की 50 फीसदी बर्थ की बुकिंग में किराया सामान्य रहता है, लेकिन शेष बची 50 फीसदी बर्थ की बुकिंग के साथ 10 फीसदी किराया बढ़ता रहेगा।

आसान भाषा में समझा जाए तो ट्रेन में 100 बर्थ हैं, इसमें पहली 10 बर्थ का किराया 100 रुपये (सामान्य) रहेगा। फिर 11 से 20 बर्थ का किराया 110 रुपये, 21 से 30 बर्थ का किराया 120 रुपये, 31 से 40 बर्थ का किराया 130 रुपये, 41 से 50 बर्थ का किराया 140 रुपये होगा। इसके पश्चात 51वीं बर्थ के आगे सभी बर्थ मूल किराये से 50 फीसदी अधिक कीमत देनी होंगे। हालांकि प्रीमियम ट्रेनों में एसी-1 पर फ्लेक्सी किराया लागू नहीं है।

Share This News :