Home > वायरल न्यूज़,
अपनी राशि से जानिए कौन हो सकता है आपका बेस्ट रोमांटिक पार्टनर

 à¤‡à¤¸à¤®à¥‡à¤‚ कोई दो राय नहीं कि इंसान के स्वभाव पर उसकी राशि का काफी असर होता है। फिर चाहें बात काम की हो या प्यार की। प्यार की नींव विश्वास पर टिकी होती है। इन सब के बाद भी हर प्रेमी या प्रेमिका के मन में एक सवाल जरूर उठता है कि उसके लव पार्टनर का नेचर कैसा है, जैसा वह दिखाने की कोशिश करता है या इससे अलावा भी उसका अलग स्वभाव है।

आज हम आपको सभी राशियों के उसके साथ मेल खाने वाली राशियों के बारे में बताने जा रहे हैं। उम्मीद है कि इसे पढ़कर आप भी पता कर सकेंगे कि आपकी राशि के हिसाब से आपका पार्टनर किस राशि का होना बेहतर होगा।

मेष राशि वाले आकर्षक, प्रभावशाली स्वभाव और एडवेंचर पसंद करने वाले होते हैं। इनके लिए अग्नि तत्व की राशि सिंह और धनु राशि के जातक बेस्ट मैच होते हैं, जो इनके जोशीले स्वभाव को संभाल पाते हैं। मेष राशि वालों के लिए तुला राशि के लोग बिल्कुल विपरीत होते हैं। तुला राशि वाले लोग बातें ज्यादा करते हैं, जबकि मेष राशि के लोगों को एक्शन पसंद होता है।

वृष राशि का बेस्ट मैच – कन्या, मकर और तुला

वृष राशि वाले उत्तम श्रेणी के प्रेमी होते हैं, जिन्हें कला, सौंदर्य और आराम काफी पसंद होता है। इनके लिए पृथ्वी तत्व की राशियों कन्या और मकर का पार्टनर अच्छा रहता है। इसके साथ ही शुक्र के स्वामित्व वाली तुला राशि के जातक भी इनके लिए अच्छे पार्टनर साबित होते हैं।

मिथुन राशि का बेस्ट मैच – तुला, कुंभ और सिंह

वायु तत्व की इस राशि के लोगों के लिए वायु तत्व की ही दूसरी राशियों तुला और कुंभ के पार्टनर बेहतर साबित होते हैं। ये अपनी बौद्धिक क्षमताओं और अच्छी बातों को करने की योग्यता वाले होते हैं। इसके लिए सिंह राशि का पार्टनर भी अच्छा साबित होता है। मगर, जल तत्व की राशियों जैसे कर्क, वृश्चिक और मीन के साथ इनकी नहीं पटती है। कारण, वे हवाबाजी की जगह गहरे भावनात्मक और शारीरिक जुड़ाव चाहते हैं।

कर्क राशि का बेस्ट मैच– मीन, वृश्चिक

कर्क राशि के लोगों को समझने में काफी सावधानी बरतने की जरूरत होती है क्योंकि वे अन्य राशि के लोगों की तुलना में जल्दी हर्ट हो जाते हैं। कर्क राशि के लोग अन्य जल तत्व की राशि खासकर कल्पनाशील और प्यार करने वाले मीन राशि के लोगों के साथ मजे से रहते हैं। इसके अलावा वृश्चिक राशि के लोगों के साथ अच्छे संबंध रहते हैं।

सिंह राशि का बेस्ट मैच– मेष और धनु

सिंह राशि के लोगों को लगता है कि हर कोई उनसे प्यार करता है। मगर, उनके जुनून और जबरदस्त व्यक्तित्व के सामने हर कोई टिका नहीं रह सकता है। इस राशि के लोगों के लिए बेस्ट मैच मेष और धनु राशि के जातक हो सकते हैं, जो उनसे डरे बिना ईमानदार जवाब दे सकते हैं। सिंह राशि के जातकों को चाहिए भी यही होता है।

दो सिंह राशि के जातकों की कभी अच्छी नहीं बन सकती है क्योंकि दोनों ही अपनी सर्वश्रेष्ठता के लिए हमेशा झगड़ते ही रहेंगे।

कन्या राशि का बेस्ट मैच– मकर और वृष

कन्या राशि के लोगों को ड्रामा पसंद नहीं होता है और वे अपनी सेवा व समर्पण के जरिये अपना प्यार दिखाते हैं। इनके लिए बेस्ट मैच मकर और वृष राशि के पार्टनर होते हैं। इस राशि के लोग आकर्षक व्यक्तित्व के धनी होते हैं और वे चाहते हैं कि उनका पार्टनर भी उतनी ही मेहनत करे, जितनी वे करते हैं। किसी को भी प्रभावित करने में इन्हें महारत हासिल होती है। इनका वैवाहिक जीवन काफी मजबूत रिश्ते वाला होता है।

तुला राशि का बेस्ट मैच– मिथुन और कुंभ

ये कभी अकेले रहना पसंद नहीं करते, हर परिस्थिति के साथ सामंजस्य बिठाने में सक्षम होते हैं। ये काफी सोशल किस्म के लोग होते हैं, जिनके लिए मिथुन और कुंभ राशि के पार्टनर अच्छे साबित होते हैं। इस राशि के प्रेमी किसी भी व्यक्ति से मिलकर उसके स्वभाव के बारे में सही-सही अंदाजा लगा लेते हैं। इनके लिए प्रेम एक पवित्र बंधन के समान होता है।

वृश्चिक राशि का बेस्ट मैच– कर्क, मीन, मकर और वृष

वृश्चिक राशि के लोग अपने प्रेम के लिए कुछ भी कर सकते हैं और खुशी से सब कुछ त्याग भी सकते हैं। ये प्रेमी या अपने साथी के प्रति ईमानदार होते हैं। इस राशि वालों में ईष्या अधिक होती है। इनमें जबरदस्त काम भावना होती है। इसलिए जल तत्व की राशियों कर्क और मीन राशि के पार्टनर अच्छे साबित होते हैं। ये प्रतिबद्ध होते हैं इसलिए मिथुन और धनु राशि के जातकों के साथ खुद को ठगा महसूस करते हैं। मकर और वृष के साथ भी इनकी अच्छी बनती है।

धनु राशि का बेस्ट मैच– मेष, सिंह और मिथुन

आजादी पसंद और हमेशा नई बड़ी चीज की तरफ आकर्षित होते हैं। मेष और सिंह के पार्टनर अच्छे साबित होते हैं। इन्हें जीवन में आनंद चाहिए होता है, इसलिए मिथुन राशि के पार्टनर के साथ भी अच्छी बनती है। ये ऐसे पार्टनर को बर्दाश्त नहीं कर पाते हैं, जो उन्हें बदलने, उन पर नियंत्रण करने या उन्हें ठीक करने की कोशिश करता हो। इसलिए वृश्चिक कन्या और मकर राशि के पार्टनर के साथ इनकी नहीं बनती है।

मकर राशि का बेस्ट मैच– वृष, कन्या और कर्क

मकर राशि के लोग थोड़े जिद्दी स्वभाव के होते हैं। वे ऐसे पार्टनर चाहते हैं, जो जीवन को गंभीरता से लेते हों और पेशेवर रूप से भी आगे बढ़ना चाहते हों। ऐसे में वृष राशि के पार्टनर आदर्श होते हैं और कन्या राशि के जातक उन्हें काम की नैतिकता के लिए प्रेरित करते हैं। कर्क और मगर राशि के लोग एक दूसरे को कॉम्प्लीमेंट देते हैं और उनके पारंपरिक दृष्टिकोण, रोमांस और परिवार को साझा करते हैं।

कुंभ राशि का बेस्ट मैच– तुला, मिथुन, मेष, धनु और सिंह

भावुक, आजाद विचारधारा, सीमाओं में न बंधे रहने वाले और हर कार्य को दिल से करने वाले होते हैं। इसलिए तुला और मिथुन राशि के पार्टनर के साथ अच्छे संबंध रहते हैं। मेष और धनु राशि के पार्टनर इन्हें अच्छे आइडिया पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं। सिंह राशि के जातक इन्हें खुद से जोड़ने, अपने दिल की सुनने, निजी जीवन में चमकने के लिए प्रेरित करते हैं।

मीन राशि का बेस्ट मैच– कर्क और वृश्चिक

मीन राशि के लोग अति भावुक होते हैं। इन्हें कर्क और वृश्चिक राशि के पार्टनर अपने ही जैसे लगते हैं। वे मीन जातकों की भावनात्मक जरूरतों को समझते हैं और उन्हें आसानी से पूरा करते हैं। अग्नि तत्व का राशियों जैसे मेष, सिंह और धनु के साथ इनकी अच्छी नहीं बनती है।

Share This News :