Home > वायरल न्यूज़,
भूखी माता के लिए भोजन बन गए थे राजा विक्रमादित्य, यहां बना है मंदिर

माता ने जब धरती पर अवतरण किया है तो दुष्टों का दलन और भक्तों का उद्धार किया है। माता कहीं पर सौम्य स्वरूप में विराजमान है तो कहीं रौद्र रूप में भक्तों को दर्शन देती है। माता का कोई भी रूप हो या कोई भी स्वरूप हो, हमेशा माता के दर्शनों से भक्तों के कष्टों का हरण होता है। देवी के सभी पौराणिक मंदिरों से शास्त्रों की जनश्रुतियां जुड़ी हुई है, जिनमें देवी का महिमामंडन किया गया है। ऐसा ही एक ऐतिहासिक देवी मंदिर उज्जैन में शिप्रा नदी के किनारे पर है, जिनको भूखी माता मंदिर के नाम से जाना जाता है।

भूखी माता का मंदिर शास्त्रोक्त, स्वच्छ, निर्मल, सदानीरा शिप्रा नदी के किनारे पर दत्त अखाड़ा घाट के नजदीक स्थित है। माता के इस मंदिर की कहानी उज्जैन के परम प्रतापी राजा विक्रमादित्य से जुड़ी हुई है। मान्यता है कि उज्जैन नगर में रोजाना एक नवयुवक को राजा घोषित किया जाता था और उसके बाद भूखी माता उस युवक का भोग लगाती थी या बलि लेती थी। एक समय महाराज विक्रमादित्य नगर में भ्रमण कर रहे थे तभी उन्होने एक वृद्धा को विलाप करते हुए देखा।

महाराज विक्रमादित्य ने वृद्धा से उसके रोने का कारण पूछा तो उसने भूखी माता की कहानी बताई और कहा कि 'आज राजा बनने की मेरे बेटे की बारी है और उसके बाद भूखी माता उसका भक्षण करेगी। 'तब महाराज विक्रमादित्य ने कहा कि 'मां आप विलाप न करें आज रात्रि को आपके बेटे की जगह पर मैं राजा बनूंगा और भूखी माता का आहार बनने के लिए मैं जाऊंगा।'

माता के लिए नगर को व्यंजनों से सजाया

विक्रमादित्य ने राजा बनते ही पूरे नगर को सुगंधित, स्वादिष्ट व्यंजनों से सजाने का आदेश दिया। राजाज्ञा का पालन करते हुए नगर को छप्पन भोग से सजाया गया और महाराज विक्रमादित्य भूखी माता की प्रतिक्षा करने लगे। भूखी माता ने जैसे ही नगर प्रवेश किया, स्वादिष्ट व्यंजनों को देखकर उन्होने जमकर भोजन किया। इस तरह जब भूखी माता महाराज विक्रमादित्य तक पहुंची तो उनकी भूख शांत हो गई उन्होने विक्रमादित्य को प्रजापालक चक्रवर्ती सम्राट होने का आशीर्वाद दिया। तब विक्रमादित्य ने उनके सम्मान में इस मंदिर का निर्माण करवाया।

माता से नदी पार स्थापना का लिया था वचन

दूसरी जनश्रुति यह भी है कि भूखी माता और उज्जैन में विराजित दूसरी माताएं नरबली का भोग लगाती थी। इस समस्या के समाधान के लिए महाराज विक्रमादित्य ने देवी को वचन में लेकर नदी के उस पार जहां इंसानी आबादी नहीं थी, वहां पर माता की स्थापना करवाई थी। इस जनश्रुति के अनुसार महाराज विक्रमादित्य ने एक बार सभी देवी शक्तियों को भोजन के लिए आमंत्रित किया। कई तरह के पकवान और मिष्ठान बनाकर विक्रमादित्य ने एक भोजशाला में सजाकर रखवा दिए और एक तखत पर मेवा-मिष्ठान्न का मानव पुतला बनाकर लेटा दिया और खुद तखत के ‍नीचे छिप गए।

रात्रि में सभी देवियां उनके उस भोजन से प्रसन्न और तृप्त हो गईं। देवियां भोजन के पश्चात आपस में बातें करने लगीं कि 'यह राजा ऐसे ही हमें आमंत्रित करता रहा तो अच्छा रहेगा।' जब सभी देवियां प्रस्थान करने लगी, तब एक देवी को जिज्ञासा हुई कि तखत पर कौन-सी चीज है जिसे छिपाकर रखा गया है?

अन्य देवियों ने कहा कि 'हम सभी तृप्त हो गई हैं इसलिए तखत पर क्या रखा है उससे हमको कोई मतलब नहीं है।' यह बोलकर एक देवी को छोड़कर बाकी सभी देवियां प्रस्थान कर गई, लेकिन एक देवी नहीं मानी और तखत पर रखे उस पुतले को तोड़कर खा लिया। खुश होकर देवी ने कहा कि ‘किसने रखा है इतना स्वादिष्ट भोजन?’ तब विक्रमादित्य तखत के नीचे से निकलकर सामने आ गए और उन्होंने कहा कि’ मैंने रखा है।‘

तब देवी ने कहा कि 'वत्स! मैं तुमसे बहुत प्रसन्न हूं, इसलिए तुम जो चाहे मांग सकते हो।' तब महाराज विक्रमादित्य ने कहा कि 'मां आप कृपा करके नदी के उस पार विराजमान हो और फिर कभी नगर में प्रवेश न करें।' देवी ने राजा से कहा कि 'राजन तुम्हारे वचन का पालन होगा।' चूंकी भरपेट भोजन के बाद भी देवी की भूख नहीं मिटी थी और उन्होने तखत पर रखा मेवे-मिष्ठान्न का पुतला खाया था, इसलिए सभी देवियों नें माता का नाम भूखीमाता रख दिया।

भूखी माता मंदिर में दो देवियां विराजमान है। माना जाता है कि दोनों बहने हैं। इनमें से एक को भूखी माता और दूसरी को धूमावती के नाम से जाना जाता है। इस मंदिर को भुवनेश्वरी भूखी माता मंदिर भी कहा जाता है। मंदिर में दो दीपस्तंभ हैं इन दीपस्तंभो को नवरात्रों में प्रज्वलित किया जाता है।

प्रतिवर्ष नवरात्र की अष्टमी तिथी को नगर पूजा के अवसर पर और बारह बरस में एक बार आयोजित होने वाले सिंहस्थ के अवसर पर माता को मदिरा का भोग लगाकर विशेष पूजा की जाती है। कहा यह भी जाता है कि सिंहस्थ के अवसर पर बारह सालों में एक बार भूखी माता को मात्र एक पल के लिए नदी पार कर शहर में आने की अनुमति है। सिंहस्थ के दौरान माता को बलि भी नहीं चढ़ाई जाती है इसलिए माता अपनी भूख तामसिक की जगह सात्विक आहार से शांत करती है।

Share This News :