Home > वायरल न्यूज़,
देउठनी एकादशी है पाप नाशक

देवउठनी एकादशी या देवप्रबोधिनी एकादशी का बहुत धार्मिक महत्व है। दीपावली के ग्यारहवें दिन इसे मनाया जाता है। कई जगहों पर इसे छोटी दीपावली भी कहा जाता है। इस दिन तुलसी-विवाह का आयोजन भी किया जाता है।

माना जाता है कि आषाढ़ मास की शुक्ल पक्ष की एकादशी जिसे देवशयनी एकादशी कहा जाता है, उस दिन विष्णु सहित सारे देवता क्षीरसागर में विश्राम करने चले जाते हैं। अत: इन चार माह में किसी भी तरह के शुभ कार्यों का आयोजन नहीं किया जाता है। देव प्रबोधिनी एकादशी पर देवों का विश्राम पूरा होता है शुभ कार्य प्रारंभ हो जाते हैं। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को देव प्रबोधिनी एकादशी का त्योहार मनाया जाता है।

माना जाता है कि इस दिन सूर्य और दूसरे सभी ग्रह अपनी स्थिति में परिवर्तन करते हैं, जिसका प्रबाव मनुष्य की इंद्रियों पर पड़ता है। इससे बचने के लिए व्रत, ध्यान और आराधना की जाती है। इसी कड़ी में देव प्रबोधिनी एकादशी इसलिए भी महत्वपूर्ण हो उठती है कि इस दिन चार माह पश्चात देव उठते हैं।

महत्व

देव उठनी या देव प्रबोधिनी एकादशी का बहुत पौराणिक महत्व है।

1. इसे पाप विनाशिनी और मुक्ति देने वाली एकादशी कहा जाता है, पुराणों में लिखा है कि इस दिन के आने से पहले तक गंगा दान का महत्व होता है, इस दिन उपवास रखने का पुण्य कई तीर्थ दर्शन, हजार अश्वमेध यज्ञ और सौ राजसूय यज्ञ के तुल्य माना गया है।

2. इस दिन का महत्व स्वयं ब्रह्मा ने नारद को बताते हुए कहा था कि इस दिन एक समय खाना खाने से एक जन्म, रात को भोजन करने से दो जन्म और पूरा दिन व्रत रखने से कई जन्मों के पापों का नाश होता है।

3. इस दिन व्रत करने से कई जन्मों का उद्धार होता है और बड़ी-से-बड़ी मनोकामना पूरी होती हैं।

4. माना जाता है कि इस एकादशी पर व्रत करने का पुण्य राजसूय यज्ञ करने से कहीं ज्यादा है। वेदों में कहा गया है कि इस एकादशी का व्रत करने से पुण्य की प्राप्ति होती है जो कई तीर्थ दर्शन, अश्वमेघ यज्ञ, सौ राजसूय यज्ञ के तुल्य माना गया है।

व्रत विधि

देवउठनी एकादशी को व्रत के दिन सूर्योदय से पूर्व नित्य कार्य करके व्रत का संकल्प लें और सूर्य भगवान को अर्घ्य दें। पुराणों में कहा गया है कि यदि आप दान नदी के तट या कुएं पर करें तो बहुत शुभ माना जाता है। इस दिन निराहार उपवास किया जाता है। दूसरे दिन द्वादशी को पूजा करके व्रत का उद्यापन कर भोजन किया जाना चाहिए। इस दिन बैल पत्र, शमी पत्र और तुलसी चढ़ाने का और तुलसी विवाह का बहुत महत्व है। तुलसी विवाह से संबंधित कथा भी इस व्रत के साथ जुड़ती है।

धार्मिक कारणों से इत्तर व्यावहारिक रूप से बारिश के चार माह में कृषि संबंधी गतिविधियों और दूसरी व्यावहारिक मुश्किलों के चलते कोई शुभ और मंगल कार्य किए जाने संभव नहीं होते हैं, इसलिए भी इन चार महीनों में इन्हें वर्जित किया गया है। याद रहें कि पारंपरिक रूप से भारत की अर्थव्यवस्था कृषि-प्रधान है बारिश के महीनों में खेतों में काम ज्यादा हुआ करता है। दूसरा शादी-ब्याह या दूसरे मांगलिक आयोजनों में बारिश की वजह से व्यवस्था में मुश्किल होती है, इसलिए भी बारिश के चार महीनों में मांगलिक कार्य वर्जित बताए गए हैं।

Share This News :