Home > वायरल न्यूज़,
देश का पहला 'आधार एयरपोर्ट'

बेंगलुरु। à¤¬à¥‡à¤‚गलुरु का केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (केआइए) अगले साल देश का पहला 'आधार एयरपोर्ट' बन जाएगा। यानी इस हवाई अड्डे में प्रवेश के लिए आपको जगह-जगह आइडी कार्ड नहीं, बल्कि सिर्फ मशीन पर अपना अंगूठा रखकर ही आपकी एंट्री हो जाएगी।

अभी इस हवाई अड्डे पर पायलट प्रोजेक्ट के तहत यह प्रक्रिया चल रही है। मार्च 2018 में 'आधार' के जरिये प्रवेश और बायोमीट्रिक बोर्डिंग सिस्टम वाला केआइए देश का पहला हवाई अड्डा बन जाएगा। इससे यात्रियों को न सिर्फ जगह-जगह चेकप्वाइंट पर आइडी और बोर्डिंग पास दिखाने से मुक्ति मिलेगी, बल्कि उनका समय भी बचेगा।

बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (बीआइएएल) के प्रस्ताव के अनुसार, मार्च तक प्रवेश पर आधार व बायोमीट्रिक सिस्टम लागू किया जाएगा। दिसंबर 2018 तक एयरपोर्ट को पूर्णतया 'आधार' चालित करने की संभावना है।

बीआइएएल के अनुसार, एयरपोर्ट में जगह-जगह चेकप्वाइंट में एक यात्री पर करीब 25 मिनट का समय लगता है, लेकिन 'आधार' सिस्टम के बाद यह प्रक्रिया 10 मिनट में पूरी हो जाएगी। यानी बोर्डिंग गेट से पहले हर चेकप्वाइंट में अब सिर्फ पांच सेकेंड में ही प्रमाणीकरण हो जाएगा।

प्रस्ताव के अनुसार, इसे तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहला चरण यानी 30 मार्च, 2018 तक तीन घरेलू उड़ानों जेट एयरवेज, स्पाइसजेट और एयरएशिया इंडिया में आधार सिस्टम लागू होगा।

दूसरा चरण अक्टूबर, 2018 में पूरा होगा। इसमें सभी घरेलू उड़ानों में आधार सिस्टम काम करेगा, जबकि अंतिम चरण अगले साल दिसंबर में पूरा होगा। तब तक हवाई अड्डा पूर्णतया 'आधार' चालित हो जाएगा।

Share This News :