Home > देश विदेश ,
इन वजहों से भारतीय सेना में है गोला-बारूद की इतनी कमी

भारत के नियंत्रक एवं महा लेखापरिक्षक (कैग) ने साल 2015 में कहा था कि भारतीय सेना के पास 20 दिन से ज्यादा लंबी खिंची जंग लड़ने लायक गोला-बारूद नहीं है. वहीं बीती शुक्रावर को संसद में रखी अपनी रिपोर्ट में कैग ने कहा कि अगर जंग छिड़ती है तो भारतीय सेना के पास इतने गाला-बारूद भी नहीं कि वह 10 दिन तक जंग लड़ सके. पाकिस्तान और चीन के साथ कई मोर्चों पर जारी तनाव के बीच आई यह रिपोर्ट भारतीय सेना की स्थिति को कमजोर करता है.कैग ने अपनी रिपोर्ट में भारतीय सेना के पास गोला-बारूद की इस कमी के लिए आयुध कारखाना बोर्ड को जिम्मेदार ठहराया है. हालांकि इस किल्लत के लिए कई दूसरे कारक माने जा रहे हैं.इस रिपोर्ट में कैग ने कहा है कि वर्ष 2015 में केंद्रीय लेखापरिक्षक की तरफ से इस बारे में चिंता जताए जाने और रक्षा तैयारियों पर उच्च स्तरीय रिपोर्ट बनाए जाने के बावजूद आयुद्ध कारखानों के काम करने के तरीके में कोई सुधार नहीं देखा गया. कैग की रिपोर्ट में कहा गया कि गोलाबारूद की निर्माण और सप्लाई क्वालिटी और क्वांटिटी दोनों ही मामलों में खराब रहा.भारतीय सेना दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी सेना है, जिसमें 13 लाख से ज्यादा सैनिक हैं. सैनिकों की इतनी बड़ी संख्या की वजह से हथियारों और गोलाबारूद का स्टॉक बनाए रखना मुश्किल हो जाता है. वहीं सैन्य प्रतिष्ठानों में बड़ी मात्रा में गोला-बारूद के रखरखाव की भी समस्या होती है. आम तौर पर गोलियों और गोलों को अच्छी तरह से रखा जाए, तो वह दशकों तक सही रहते हैं. लेकिन बड़ी मात्रा में गोला-बारूद स्टोर करके रखने से इतनी गुणवत्ता खराब होने लगती है और इस्तेमाल के वक्त समस्या होती है.आयुद्ध कारखानों की कार्यप्रणाली के अलावा देश के अंदर ही गोलाबारूद बनाने या फिर बाहर से आयात करने के लिए समय से फंड जारी नहीं होने की भी एक समस्या रहती है.रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि लालफीताशाही और नौकरशाही की पुरातन प्रथाओं की वजह से साल दर साल रक्षा क्षेत्र के लिए बाधा खड़ी होती रही है. वहीं एक रिपोर्ट के मुताबिक, इसी लालफीताशाही की वजह से साल 2008 और 2013 के बीच लक्षित सीमा का महज 20 फीसदी गोला-बारूद ही आयात हो पाया.

Share This News :