Home > देश विदेश ,
देश को आज मिलेगा 14वां राष्ट्रपति, 11 बजे शुरू होगी मतगणना, कोविंद के सामने मीरा

देश को आज नया राष्ट्रपति मिल जाएगा. आज शाम करीब 5 बजे तक साफ हो जाएदा कि देश का 14वां राष्ट्रपति कौन होगा. राष्ट्रपति चुनाव के लिए 17 जुलाई को जो मतदान हुआ था उसकी गिनती 20 जुलाई यानी आज संसद के रूम नंबर 62 में होगी. लोकसभा के सेक्रेटरी जनरल अनूप मिश्रा के मुताबिक वोटों की गिनती सुबह 11:00 बजे से शुरू होगी और शाम लगभग 4:00 से 5:00 बजे के बीच नतीजे आने की उम्मीद है. राष्ट्रपति चुनाव के लिए अनूप मिश्रा ही रिटर्निंग ऑफिसर हैं. राष्ट्रपति पद के NDA उम्मीदवार रामनाथ कोविंद नतीजों से एक दिन पहले बंगला साहब गुरुद्वारा में मत्था टेकने पहुंचे.

सभी राज्यों से वोट के बैलेट बॉक्स संसद पहले ही पहुंच चुके हैं और संसद में कड़ी सुरक्षा में उसे रखा गया है. राष्ट्रपति चुनाव के लिए कुल 32 जगहों पर मतदान हुआ था. इनमें 29 राज्य, दिल्ली और पुडुचेरी समेत दो केंद्र शासित प्रदेश और संसद भवन शामिल है जहां पर राज्यसभा और लोकसभा के सांसदों ने मतदान किया.राष्ट्रपति के चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सांसद और विधान सभा के सदस्य मतदान करते हैं. एमएलसी यानी विधान परिषद के सदस्य राष्ट्रपति के चुनाव में मतदान नहीं करते. आज जब वोटों की गिनती शुरू होगी तो सबसे पहले संसद भवन में डाले गए वोटों का बक्सा खुलेगा. उसके बाद राज्यों के वोटों की गिनती होगी. राज्यों का बक्सा अल्फाबेटिकल ऑर्डर पर खोला जाएगा. वोटों के गिनती चार अलग अलग टेबल पर होगी और गिनती के कुल 8 राउंड होंगे.

Share This News :