Home > देश विदेश ,slider news,
राष्ट्रपति चुनावः कोविंद के समर्थन के लिए योगी ने शिवपाल-मुलायम को दिया धन्यवाद

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार की सुबह राष्ट्रपति पद के लिए हो रहे मतदान में वोट करने के बाद एनडीए उम्मीदवार रामनाथ कोविंद का समर्थन करने के लिए शिवपाल यादव और मुलायम सिंह यादव को धन्यवाद दिया. योगी ने कहा कि ये उत्तर प्रदेश का सौभाग्य है कि अगला राष्ट्रपति यहां से होने जा रहे हैं. अगर संख्या बल के हिसाब से देखा जाए तो एनडीए का उम्मीदवार का जीतना तय है.

लेकिन हर पार्टी की अपनी विचारधारा होती है और उसके हिसाब से चुनाव लड़ा जाता है सिर्फ जीत का सवाल नहीं है. कांग्रेस ने सिर्फ राजनीति के लिए उम्मीदवार खड़ा किया है. उनका मकसद एक दूसरे से लड़ाना है. बेहतर होता कि इस मुद्दे पर आम सहमति होती.

बता दें कि देश के नए राष्ट्रपति चुनने की प्रक्रिया में सोमवार को वोट डाले जा रहे हैं. एनडीए की ओर से रामनाथ कोविंद और विपक्ष की ओर से मीरा कुमार के बीच राष्ट्रपति पद के लिए मुकाबला है. यूं तो आंकड़े रामनाथ कोविंद के पक्ष में जा रहे हैं लेकिन विपक्ष लगातार कह रहा है कि वह इस चुनाव को पूरी ताकत से लड़ रहे हैं.

राजीव रूडी बोले- कोविंद ही बनेंगे राष्ट्रपति

केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी बोले कि यह बात ठीक है कि लोग अपनी अंतरात्मा की आवाज पर ही वोट डालेंगे, सबके मन की यही बात है कि NDA ने एक अच्छा उम्मीदवार दिया है वही राष्ट्रपति बने. उन्होंने कहा कि मायावती भले ही कहें कि दलित उम्मीदवार उनकी वजह से है लेकिन दलित हमारे भी हैं सिर्फ उनके नहीं.

अपने बयान पर विचार करें सोनिया- रविशंकर प्रसाद

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कह रही हैं कि यह राष्ट्रपति चुनाव बांटने वाली सोच और सेक्युलर फोर्स के बीच है. तो उन्हें बताना चाहिए कि नीतीश कुमार हमारे साथ क्यों हैं. सोनिया गांधी को अपने बयान पर विचार करना चाहिए. 

Share This News :